
जबलपुर। शहर के विभिन्न वार्डों में डाली जा रही सीवर लाइन नेटवर्क और नई पेयजल पाइप लाइनों के कार्य में गति लाई जाए। ठेकेदार एजेंसियों और तकनीकी अधिकारियों को कहा कि सडक़ों की खुदाई के बाद उनका रिस्टोरेशन तत्काल गुणवत्ता के साथ किया जाए। निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों व निर्माण एजेंसियों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। यह बातें निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार द्वारा शनिवार को नगर निगम मुख्यालय में अमृत योजना एवं वर्षा ऋतु के मद्देनजर शहर की जल निकासी व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा बैठक में कहीं। समीक्षा बैठक में संस्कारधानी जबलपुर की बुनियादी अधोसंरचना को सुदृढ़ करना और नागरिकों को जलभराव व दूषित पेयजल जैसी समस्याओं से शत-प्रतिशत राहत दिलाना रहा।
जलभराव रोकने जोनवार माइक्रो-प्लानिंग
संभावित भारी वर्षा के दृष्टिगत निगमायुक्त अहिरवार ने जबलपुर निगम के अंतर्गत आने वाले बड़े नालों की सफाई व्यवस्था की प्रगति जांची। उन्होंने सभी 16 जोनों के सहायक अधिकारियों और मुख्य स्वच्छता निरीक्षक को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए। निगमायुक्त ने कहा कि निचले और संवेदनशील क्षेत्रों में जल-निकासी हेतु तत्काल डीजल पंपों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को असुविधा न हो। समीक्षा बैठक में संबंधित सभी अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
