पुलिस ने जिले भर में चलाया सघन साइबर जागरूकता अभियान

सीधी। जिले में महिलाओं को वित्तीय रूप से जागरूक एवं साइबर अपराधों के प्रति सतर्क बनाने के उद्देश्य से शनिवार को सीधी स्थित रमा बल्देव पैलेस में सामाजिक एवं आर्थिक विकास कार्यक्रम के अंतर्गत साइबर फ्रॉड से बचाव एवं वित्तीय जागरूकता अभियान का भव्य आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से थाना प्रभारी विवेक कुमार द्विवेदी, साइबर अधिकारी कृष्णमुरारी द्विवेदी, डिवीजनल मैनेजर सचिन श्रीवास्तव, एरिया मैनेजर सुनील वापसे, ब्रांच मैनेजर अरुण बागरी एवं ब्रांच के समस्त स्टाफ की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आई सैकड़ों महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डिवीजनल मैनेजर सचिन श्रीवास्तव द्वारा की गई। इस अवसर पर अतिथियों ने महिलाओं को डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों से सतर्क रहने तथा वित्तीय रूप से सशक्त बनने के लिए प्रेरित किया। अपने संबोधन में थाना प्रभारी विवेक कुमार द्विवेदी ने कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं इसलिए किसी भी अनजान कॉल, लिंक या ओटीपी को साझा करने से बचना चाहिए। उन्होंने महिलाओं से सतर्क एवं जागरूक रहने की अपील करते हुए कहा कि थोड़ी सी सावधानी बड़े आर्थिक नुकसान से बचा सकती है। साइबर अधिकारी कृष्णमुरारी द्विवेदी ने महिलाओं को मोबाइल बैंकिंग, यूपीआई भुगतान, सोशल मीडिया एवं ऑनलाइन लेनदेन के सुरक्षित उपयोग से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। एरिया मैनेजर सुनील वापसे एवं ब्रांच मैनेजर अरुण बागरी ने भी महिलाओं को बैंकिंग सेवाओं, स्वरोजगार योजनाओं एवं वित्तीय सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं।

कार्यक्रम में ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, यूपीआई फ्रॉड, एटीएम सुरक्षा,फर्जी लोन ऑफर एवं बैंक खातों की सुरक्षा से संबंधित विषयों पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं ने उत्साहपूर्वक अपनी जिज्ञासाएं रखीं, जिनका विशेषज्ञों द्वारा सरल एवं व्यवहारिक तरीके से समाधान किया गया। महिलाओं ने इस जागरूकता अभियान को अत्यंत उपयोगी, प्रेरणादायक एवं ज्ञानवर्धक बताते हुए आयोजकों का आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाने की अपेक्षा जताई। कार्यक्रम का समापन सभी अतिथियों एवं सहभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए किया गया। पूरे आयोजन के दौरान महिलाओं में सीखने एवं जागरूक होने का विशेष उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम का आयोजन क्रेडिट एक्सेस इंडिया फाउंडेशन द्वारा किया गया।

००

प्रत्येक व्यक्ति अपने क्षमता के अनुसार ही ऋण लेना चाहिए: सचिन

डिवीजनल मैनेजर सचिन श्रीवास्तव ने महिलाओं को वित्तीय रूप से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपना सिविल क्रेडिट स्कोर बेहतर बनाए रखना चाहिए तथा अपनी आवश्यकता एवं क्षमता के अनुसार ही ऋण लेना चाहिए। उन्होंने अनावश्यक कर्ज से बचने, नियमित बचत करने एवं डिजिटल बैंकिंग सेवाओं का सुरक्षित उपयोग करने की सलाह दी।

००००००००००००००

Next Post

ट्रम्प ने कहा, खामेनेई के अंतिम संस्कार के लिए 'एक सप्ताह की छुट्टी' दी है, ईरान समझौते के लिए बेताब

Sat Jul 4 , 2026
वॉशिंगटन, 04 जुलाई (वार्ता) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि उन्होंने मारे गये ईरानी सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली खामेनेई के अंतिम संस्कार के लिए ईरान को ‘एक सप्ताह की छुट्टी’ दी है, साथ ही उन्होंने यह दावा भी किया कि हाल की शत्रुता के बाद ईरान अमेरिका से समझौता […]

You May Like