ट्रम्प ने कहा, खामेनेई के अंतिम संस्कार के लिए ‘एक सप्ताह की छुट्टी’ दी है, ईरान समझौते के लिए बेताब

वॉशिंगटन, 04 जुलाई (वार्ता) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि उन्होंने मारे गये ईरानी सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली खामेनेई के अंतिम संस्कार के लिए ईरान को ‘एक सप्ताह की छुट्टी’ दी है, साथ ही उन्होंने यह दावा भी किया कि हाल की शत्रुता के बाद ईरान अमेरिका से समझौता के लिए उत्सुक है।

अमेरिका की 250वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित समारोहों के दौरान साउथ डकोटा के माउंट रशमोर में श्री ट्रम्प ने अमेरिकी सैन्य शक्ति की प्रशंसा की और कहा कि अमेरिकी दबाव ने ईरानी नेतृत्व के हौसले तोड़ दिये हैं और वे समझौते के लिए मरे जा रहे हैं।

श्री ट्रम्प ने विराम की प्रकृति के बारे में विस्तार से बताये बिना समर्थकों से कहा, “हमने ईरान को पूरी तरह से पस्त कर दिया। वे समझौता करने के लिए मरे जा रहे हैं। वे समझौता के लिए बेताब हैं। हमने उनके अंतिम संस्कार के लिए उन्हें एक सप्ताह की छुट्टी दी, क्योंकि हम अच्छे लोग हैं।”

अमेरिकी स्वतंत्रता की 250वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित समारोहों के दौरान साउथ डकोटा में श्री ट्रम्प ने देश के आर्थिक प्रदर्शन की भी जमकर तारीफ की।

उन्होंने कहा, “हमने सबसे बड़ी और सबसे गतिशील अर्थव्यवस्था का निर्माण किया है। हमारा देश आज पहले की तुलना में कहीं बेहतर कर रहा है। ऐसा पहले कभी नहीं हुआ। पिछले सप्ताह तक, दुनिया भर से वर्तमान में 19.2 ट्रिलियन डॉलर अमेरिका में आ रहे हैं। यह वह निवेश है, जो किया जा रहा है, जबकि पिछला रिकॉर्ड केवल तीन ट्रिलियन डॉलर का था। पिछले प्रशासन ने चार वर्षों में एक ट्रिलियन डॉलर से भी बहुत कम किया, और हमने 12 महीनों में 19.2 (ट्रिलियन डॉलर) कर दिखाया।”

श्री ट्रम्प ने वेनेजुएला का जिक्र कर कहा, “हमने उसे एक दिन में हरा दिया।”

उन्होंने कहा, “हमने सबसे मजबूत और सबसे शक्तिशाली सेना बनायी है। हमने दो विश्व युद्ध जीते।” श्री ट्रम्प ने कहा कि शीत युद्ध ने अमेरिका के दुश्मनों को ‘इतिहास की गहराइयों में’ धकेल दिया।

अर्थव्यवस्था पर कहा कि अमेरिका रिकॉर्ड स्तर के विदेशी निवेश का अनुभव कर रहा है और दावा किया कि पिछले 12 महीनों में 19.2 ट्रिलियन डॉलर का निवेश का वायदा किया है।

उन्होंने इस वृद्धि का श्रेय अपने प्रशासन के टैरिफ और आर्थिक नीतियों को देते हुए कहा, “इस समय पूरे अमेरिका में ऐसे संयंत्र और कारखाने बनाये जा रहे हैं, जिनकी संख्या हमने पहले कभी नहीं देखी है।”

श्री ट्रम्प ने पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन के कार्यकाल की स्थिति से मौजूदा स्थिति की तुलना करते हुए कहा कि अमेरिका ‘उपहास का पात्र’ और ‘पतन की ओर बढ़ता राष्ट्र’ बनने की स्थिति से निकलकर ‘दुनिया में हर जगह सबसे आकर्षक देश’ बन गया है।

राष्ट्रपति ने कम्युनिज्म पर नये सिरे से हमले करने के लिए भी इस भाषण का उपयोग किया। इसे अमेरिकी स्वतंत्रता के लिए घातक खतरा’ बताया और अमेरिका में कम्युनिस्ट विचारधारा के पुनरुत्थान के रूप में चेतावनी दी।

उन्होंने कहा , “अमेरिका कभी कम्युनिस्ट देश नहीं बनेगा।”

श्री ट्रम्प का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब ईरान खामेनेई के लिए अंतिम संस्कार समारोह आयोजित कर रहा है। इसमें आगामी दिनों में निर्धारित आगे के जुलूसों और दफन समारोहों से पहले ईरान में आयोजित कार्यक्रमों में भारी भीड़ जुटने की उम्मीद है।

ईरान ने कहा है कि इस बहु-दिवसीय समारोहों में लाखों शोकाकुल लोगों के भाग लेने की उम्मीद है।

Next Post

जीवन रक्षक दवा में एचआईवी रिएक्टिव मिलने का याचिका में दावा

Sat Jul 4 , 2026
जबलपुर। मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में दायर एक जनहित याचिका में दावा किया गया है कि लीवर किडनी और हृदय रोगों की सर्जरी में इस्तेमाल होने वाली मानव प्लाज्मा आधारित एक जीवन रक्षक दवा के सैंपल में एचआईवी रिएक्टिव पाया गया है। याचिका में इस दवा की बिक्री और उपयोग पर […]

You May Like