बुधनी। वार्ड 12 की पार्षद श्रीमती रजनी हरदयाल सिंह आजाद ने जलभराव की समस्या को लेकर सीएमओ प्रशांत जैन को पत्र सौंपकर वार्ड के जलभराव प्रभावित क्षेत्रों में बंद पड़ी नालियों की सफाई एवं जल निकासी व्यवस्था कराने की मांग की है.
पार्षद ने बताया कि वार्ड के कई स्थानों पर पिछले कई महीनों से नालियां बंद हैं, जिससे बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति बनने की आशंका है. उन्होंने जाटव मोहल्ला, शिवराज नगर की मुख्य नाली की रेहटी की ओर निकासी, स्लीपर फैक्ट्री के पास, गुरुआ बाबा मंदिर के समीप, माना रोड की नाली सहित कई स्थानों को जलभराव के हॉटस्पॉट के रूप में चिन्हित किया है. पार्षद ने निर्माणाधीन अंडरब्रिज क्षेत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां वर्षा जल निकासी की व्यवस्था दिखाई नहीं दे रही है. यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो भारी बारिश के दौरान गंभीर जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है. उन्होंने मांग की है कि सभी बंद नालियों की सफाई कराकर जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए.
