तेहरान, 03 जुलाई (वार्ता) ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के निधन के महीनों बाद ईरान एक भव्य राजकीय अंतिम संस्कार का आयोजन कर रहा है। अधिकारियों का कहना है कि यह देश के इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा आयोजन हो सकता है।
ईरान के राजनीतिक, सैन्य और धार्मिक संस्थानों पर 37 वर्षों तक सर्वोच्च अधिकार रखने वाले श्री खामेनेई (86) 28 फरवरी को तेहरान में अपने आवास पर अमेरिका और इजरायल के मिसाइल हमलों के दौरान मारे गए थे।
मूल रूप से मार्च के लिए तय किए गए इस अंतिम संस्कार को अमेरिका और इजरायल के साथ जारी युद्ध के कारण बार-बार टाला गया था। ईरानी अधिकारियों ने कहा कि युद्ध से पैदा हुई सुरक्षा स्थिति के कारण यह देरी आवश्यक थी। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि श्री खामेनेई के पार्थिव शरीर को धार्मिक आवश्यकताओं के अनुसार सुरक्षित रखा गया था।
तीन जुलाई से शुरू होकर नौ जुलाई तक चलने वाले ये समारोह ईरान और इराक के पांच शहरों में आयोजित किए जाएंगे, जहां अधिकारियों को उम्मीद है कि इसमें लगभग दो करोड़ शोक संतप्त लोग शामिल हो सकते हैं।
ईरान के इतिहास में सबसे प्रभावशाली शख्सियतों में से एक को दी जा रही इस ऐतिहासिक विदाई में 100 से अधिक देशों के प्रतिनिधिमंडलों के भी शामिल होने की उम्मीद है।
तेहरान में आधिकारिक शोक अवधि की शुरुआत देश के सबसे महत्वपूर्ण धार्मिक और औपचारिक स्थलों में से एक ‘ग्रैंड मोसल्ला’ परिसर में विदेशी गणमान्य व्यक्तियों के एक समारोह के साथ हुई।
दिलचस्प बात यह है कि श्री खामेनेई के ताबूत को उस पवित्र झंडे से ढका गया है जो कभी इमाम हुसैन के दरगाह पर फहराया गया था। उल्लेखनीय है कि श्री खामेनेई का परिवार इमाम हुसैन से अपना वंश जोड़ता है। ईरानी सरकार के एक एक्स पोस्ट के अनुसार, सफेद अक्षरों वाला यह लाल झंडा ‘प्रतिरोध, बलिदान और सत्य के प्रति अटूट निष्ठा का प्रतीक’ है।
तेहरान में सार्वजनिक अंतिम संस्कार समारोह चार और पांच जुलाई को निर्धारित हैं, जब श्री खामेनेई के ताबूत को उनके परिवार के कई सदस्यों के ताबूतों के साथ शोक मनाने वालों के दर्शन और श्रद्धांजलि देने के लिए रखा जाएगा।
इसके बाद यह काफिला छह और सात जुलाई को क़ुम शहर ले जाया जाएगा। तेहरान के दक्षिण में स्थित यह पवित्र शहर ईरान के प्रमुख धार्मिक मदरसों का केंद्र है और इसने श्री खामेनेई की धार्मिक शिक्षा तथा इस्लामी व्यवस्था में उनके उभार में केंद्रीय भूमिका निभायी थी।
इराकी राजनीतिक और धार्मिक हस्तियों के अनुरोध पर, यह शवयात्रा आठ जुलाई को शिया समुदाय के पवित्र शहरों कर्बला और नजफ में भी जाएगी। कर्बला, जहाँ इमाम हुसैन की दरगाह है, शिया धार्मिक परंपरा में एक केंद्रीय स्थान रखता है, जबकि नजफ में शिया इस्लाम के पहले इमाम, इमाम अली की दरगाह है। इराक यात्रा को इसमें शामिल करना व्यापक शिया दुनिया में श्री खामेनेई के प्रभाव को दर्शाता है।
अंतिम संस्कार का मुख्य कार्यक्रम नौ जुलाई को ईरान के सबसे पवित्र शहर और श्री खामेनेई के जन्मस्थान मशहद में होगा। वह 1939 में वहीं पैदा हुए थे और कोम में अपनी शिक्षा जारी रखने से पहले इसी शहर में अपनी धार्मिक पढ़ाई शुरू की थी। उन्हें शिया इस्लाम के आठवें इमाम, इमाम रज़ा की दरगाह के पास सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।
यह अंतिम संस्कार ईरान के नए सर्वोच्च नेता मुजतबा खामेनेई के तहत राजनीतिक बदलाव के दौर के साथ भी मेल खा रहा है। हालांकि, ईरानी मीडिया और अधिकारियों ने संकेत दिया है कि श्री मुजतबा के इन समारोहों के दौरान सार्वजनिक रूप से सामने आने की संभावना कम है, क्योंकि उनके पिता की मौत वाले हमले में उनके भी घायल होने की रिपोर्टों के बाद सुरक्षा चिंताएं बढ़ गई हैं।
शामिल होने वाले देशों में से एक, भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा और बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन कर रहे हैं, जिन्होंने सार्वजनिक समारोहों से पहले ग्रैंड मोसल्ला परिसर में श्रद्धांजलि अर्पित की।
कांग्रेस पार्टी की ओर से पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद इसमें शामिल हुए, जबकि जम्मू-कश्मीर के आमंत्रित नेताओं में पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की प्रमुख महबूबा मुफ्ती भी शामिल थीं। ईरानी अधिकारियों ने इस सप्ताह भर चलने वाले समारोहों को देश के आधुनिक इतिहास की सबसे महत्वपूर्ण घटनाओं में से एक बताया है।
वर्ष 1989 में अयातुल्ला रुहोल्लाह खुमैनी और 2020 में जनरल कासिम सुलेमानी के अंतिम संस्कार के दौरान हुई दर्दनाक भगदड़ जैसी घटनाओं से बचने के लिए, सरकार ने तेहरान और अन्य मेजबान शहरों में व्यापक सुरक्षा उपाय लागू किए हैं।
राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियन ने आने वाले शोककुल लोगों की भीड़ को देखते हुए तेहरान में शनिवार से सोमवार तक सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। राजधानी के ऊपर हवाई क्षेत्र पर भी प्रतिबंध लगाए गए हैं, जबकि मुख्य सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा बेहद सख्त कर दी गई है।
ईरान को उम्मीद है कि अंतिम संस्कार के विभिन्न चरणों में करीब 100 देशों के प्रतिनिधि शामिल होंगे, जिससे यह न केवल एक राष्ट्रीय कार्यक्रम बल्कि एक बड़ा अंतरराष्ट्रीय जमावड़ा भी बन गया है, क्योंकि ईरान उस नेता को विदाई दे रहा है जिसने लगभग चार दशकों तक इसकी राजनीतिक दिशा तय की थी।
