हाईटेंशन टॉवर विरोध में किसान की दर्दनाक मौत

सिंगरौली । शासन पुलिस चौकी क्षेत्र के परसदेही में पट्टे की भूमि में जबरिया पावर ग्रिड कंपनी के द्वारा हाईटेंशन टॉवर लगाने का कार्य कराया जा रहा था, जहां एक कृषक ने विरोध करते हुये प्रेशर पाइप को जैसे ही हटाया, वह फुटबॉल की तरह आसमान में उड़ते हुये जमीन पर गिर पड़ा, जहां घायल अवस्था में ट्रामा सेंटर बैढ़न लाया गया। जहां गुरूवार की अल सुबह प्रौढ़ व्यक्ति की मौत हो गई। तब से घटनास्थल पर हंगामा चल ही रहा है।

जानकारी के अनुसार परसदेही में पावर ग्रिड कंपनी के द्वारा हाईटेंशन टॉवर का कार्य कराया जा रहा था, जहां गांव के ही कास्तकार जगदीश साहू पुत्र रामगरीब साहू उम्र 46 वर्ष ने बुधवार की शाम टॉवर लगाने के कार्य का विरोध किया कि जब तक मुआवजा नही मिलेगा, तब तक कार्य नही करने दिया जाएगा। प्रौढ़ व्यक्ति ने कार्यस्थल पर लगे प्रेशर पाइप को जैसे ही खोला पाइप के साथ वह आसमान में उड़ा और कार्यस्थल के गड्ढे में गिर गया। प्रत्यक्षदर्शी बताते हैं कि घायल अवस्था में जिला अस्पताल लाया गया,जहां चिकित्सको ने रिफर कर दिया। निजी अस्पताल सिंगरौली में इलाज के दौरान गुरूवार की अल सुबह मौत हो गई। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव को घटनास्थल पर ले जाकर मृतक के आश्रितो को 50 लाख रूपये मुआवजा, आश्रित को नौकरी एवं बच्चो के पढ़ाई-लिखाई का जिम्मा कंपनी को उठाने की मांग की। साथ ही कंपनी प्रबंधन पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुये एफआईआर दर्ज कराने की मांग पर अड़ गये। समाचार लिखे जाने तक बवाल जारी था।

०००००

बॉक्स

तहसीलदार से हुई जमकर नोकझोक

घटनास्थल पर शव रखकर परिजन अपनी मांगों पर अड़े थे, इसी दौरान नेता भास्कर मिश्रा पहुंचे और उन्होंने पटवारी पर भी लापरवाही का आरोप लगाया और पटवारी पर भी कार्रवाई किये जाने की मांग करने लगे। साथ ही भास्कर मिश्रा ने मृतक के आश्रितो को अधिक से अधिक आर्थिक सहायता राशि दिलाए जाने की मांग कर रहे थे। यही से बात बिगड़ी और तहसीलदार प्रीति सिकरवार के बीच कहासूनी होने लगी। साथ ही टीआई अशोक सिंह परिहार से भी तीखी नोकझोक हुई। मामला काफी गरमाया हुआ था, मृतक के परिजन भी अपनी मांगों पर अड़े रहे।

००००

बॉक्स

विधायक भी पहुंचे घटनास्थल पर

जानकारी के अनुसार मृतक के परिजनो ने शव लेने से इंकार कर दिये। घटनास्थल पर शव को रखकर परिजन घर चले आए और स्थल पर तहसीलदार, टीआई के साथ-साथ शासन चौकी प्रभारी संदीप नामदेव समेत भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। हालात यह रही कि लोग पुलिस एवं प्रशासन पर हिटलरशाही की तरह कार्य करने वाली पावर ग्रिड कंपनी को संरक्षण देने का आरोप लगाया। इसकी जानकारी मिलने पर सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह पहुंचे और मृतक के परिजनों एवं आमजनों के बीच बैठ मामले को सुलझाने के लिए लगे रहे। इसके पूर्व कांग्रेस नेत्री रेनूशाह भी पहुंची हुई थी। उनकी भी तहसीलदार से काफी नोकझोक हुई।

००००००

Next Post

बस के पहिए तले दब कर युवक की मौत

Thu Jul 2 , 2026
सिंगरौली । नेशनल हाईवे सीधी-सिंगरौली-39 बरगवां में बीती रात करीब 11 बजे सवारी बस डिवाइडर से टकरा गई, जहां बस में सवार एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, वहीं एक दर्जन से अधिक मुसाफिर घायल हो गये। घायल यात्रियों में चार को ज्यादा चोटे आई हैं। जानकारी के अनुसार […]

You May Like