
विंध्यनगर। विंध्यनगर थाना पुलिस ने घर में घुसकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लगभग 1200 ग्राम चांदी एवं करीब 14 ग्राम सोने के जेवर बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग पांच लाख रुपये बताई गई है।
थाना प्रभारी निरीक्षक अर्चना द्विवेदी के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के अनुसार गिरफ्तार आरोपी अमन कुमार उर्फ अमन बर्मा पिता राजन कुमार बर्मा उम्र 19 वर्ष निवासी पचखोरा, थाना बैढ़न है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पूछतांछ में अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस के मुताबिक राजेन्द्र प्रसाद शाह पिता बंधू प्रसाद शाह निवासी गहिलगढ़ पश्चिम ने 26 जून को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 21 जून की रात परिवार के सभी सदस्य सो गए थे। सुबह उठने पर घर के आगे और पीछे के दरवाजे खुले मिले तथा घर में रखे सोने-चांदी के कीमती जेवर गायब थे। इस पर थाना विंध्यनगर में भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) एवं 305(ए) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने पचखोरा क्षेत्र से आरोपी को हिरासत में लेकर पूछतांछ की। उसके कब्जे से चांदी की करधन, पनवा, हाथ के कड़े, हसुली, बिछिया, चांदी के सिक्के, सोने की अंगूठी, लॉकेट और मंगलसूत्र सहित चोरी का पूरा माल बरामद कर जप्त किया गया। उक्त कार्रवाई में निरीक्षक अर्चना द्विवेदी, उनि अभिषेक पाण्डेय, प्रियंका मिश्रा, प्रआर अरुणेन्द्र पटेल, प्रआर पंकज सिंह तथा आर भोले लोधी की सराहनीय भूमिका रही।
