
सीधी। जमोड़ी पुलिस की प्रभावी कार्रवाई में हत्या के आरोपी को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर वारदात में प्रयुक्त कांसे का लोटा बरामद किया गया। पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी एवं उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अमन मिश्रा के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी जमोड़ी उनि दिव्य प्रकाश त्रिपाठी के नेतृत्व में जमोड़ी पुलिस ने हत्या के मामले में फरार आरोपी को उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले से गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया। पुलिस के अनुसार दिनांक 23 जून 2026 की रात्रि लगभग 11:15 बजे ग्राम डड़हवा में मामूली कहासुनी एवं गाली-गलौज के बाद आरोपी रुद्र लाल उर्फ सोनू कोल उम्र 26 वर्ष ने बंश राखन कोल उम्र 32 वर्ष के सिर पर कांसे (फूल) के लोटे से प्रहार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल को तत्काल जिला चिकित्सालय सीधी ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए एसजीएमएच रीवा रेफर किया गया। अस्पताली सूचना पर थाना जमोड़ी में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्रकरण में हत्या के प्रयास की धारा जोड़ी गई। उपचार के दौरान 01 जुलाई 2026 को घायल की मृत्यु हो जाने पर प्रकरण में धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता का इजाफा किया गया। घटना के बाद फरार आरोपी की लगातार तलाश की जा रही थी। तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी को सोनभद्र ,उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया। पूंछताछ के दौरान आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त कांसे का लोटा बरामद कर विधिवत जब्त किया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की गई। अपराध में धारा 296(बी), 115(2), 351(3), 109(1) एवं 103(1) बीएनएस के अंतर्गत विवेचना जारी है। आरोपी की गिरफ्तारी में पुलिस टीम में शामिल उनि दिव्य प्रकाश त्रिपाठी, एएसआई आरडी साकेत, प्रआर गुरु प्रसन्न, राम खेलावन, आरक्षक केपी सिंह, आजाद की सराहनीय भूमिका रही।
