पुलिस की पहल से बुजुर्ग मां को मिला परिवार का सहारा

इंदौर:जनसुनवाई में बेटों और बहुओं पर प्रताड़ना तथा देखभाल नहीं करने की शिकायत लेकर पहुंची 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला को पुलिस ने तत्काल राहत दिलाई. पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर जूनी इंदौर थाना प्रभारी स्वयं महिला को व्हीलचेयर से वाहन तक लेकर पहुंची, घर ले जाकर परिजनों की काउंसलिंग की और आपसी समझाइश से पारिवारिक विवाद का निराकरण कराया.

ज्ञात हो कि जबरन कॉलोनी निवासी 70 वर्षीय तुलसीबाई मंगलवार को पुलिस कमिश्नर कार्यालय की जनसुनवाई में पहुंची थीं. उन्होंने शिकायत की कि उनके तीन बेटे और बहुएं उनकी देखभाल नहीं करते, प्रताड़ित करते हैं तथा घर में रखने से भी मना कर रहे हैं. शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस कमिश्नर ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए.
निर्देश मिलते ही जूनी इंदौर के सहायक पुलिस आयुक्त विजय चौधरी एवं थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता जनसुनवाई कक्ष पहुंचे थे. थाना प्रभारी ने स्वयं बुजुर्ग महिला को व्हीलचेयर के माध्यम से शासकीय वाहन तक पहुंचाया और पुलिस टीम के साथ उनके निवास जबरन कॉलोनी पहुंचे. वहां महिला के बेटों सतीश वर्मा, जितेंद्र वर्मा, सुनील वर्मा तथा बहुओं से चर्चा कर उन्हें बुजुर्गों के सम्मान, देखभाल और उनके प्रति कानूनी व सामाजिक दायित्वों की जानकारी दी. पुलिस की समझाइश और काउंसलिंग के बाद सभी पक्षों के बीच आपसी सहमति बन गई. पारिवारिक विवाद का मौके पर ही समाधान हो गया और परिजनों ने भविष्य में तुलसीबाई की समुचित देखभाल करने तथा किसी प्रकार की प्रताड़ना नहीं देने का आश्वासन दिया.

Next Post

गंगोत्री मार्ग पर मोटरसाइकिल सवार खाई में गिरने से दो घायल, एक लापता

Thu Jul 2 , 2026
देहरादून 02 जुलाई (वार्ता) उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री मार्ग पर बुधवार देर रात एक मोटरसाइकिल के गहरी खाई में गिरने से दो लोग घायल हो गये और एक व्यक्ति लापता है। मोटरसाइकिल पर तीन लोग सवार थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद दो […]

You May Like