नयी दिल्ली, 01 जुलाई (वार्ता) केन्द्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट कार्य मंत्री निर्मला सीतारमण बुधवार को फ्रांस की आधिकारिक यात्रा पर रवाना हुईं, जहां वह कई उच्चस्तरीय द्विपक्षीय बैठकों में भाग लेंगी। वित्त मंत्रालय ने एक विज्ञप्ति में कहा कि श्रीमती सीतारमण की इस यात्रा का उद्देश्य भारत–फ्रांस रणनीतिक साझेदारी को और अधिक मजबूत बनाना, आर्थिक सहयोग को बढ़ावा देना तथा निवेश, प्रौद्योगिकी सहयोग और नवाचार को प्रोत्साहित करना है। फ्रांस में वित्त मंत्री के प्रवास के दौरान भारत–फ्रांस आर्थिक एवं वित्तीय डॉयलॉग– (ईएफडी) आयोजित किया जा रहा है जो उनकी इस यात्रा का एक प्रमुख कार्यक्रम होगा। ऐक्स-आं-प्रोवांस में आयोजित किये जाने वाले यह कार्यक्रम श्रीमती सीतारमण और फ्रांस के आर्थिक, वित्त तथा औद्योगिक एवं ऊर्जा मंत्री रोलां लेस्क्यूर की संयुक्त अध्यक्षता में होगा। इस दौरान दोनों देश विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग की नई संभावनाओं पर विचार-विमर्श करेंगे तथा भारत और फ्रांस के बीच आर्थिक संबंधों को और मजबूत बनाने के उपायों पर चर्चा करेंगे।
यात्रा के दौरान श्रीमती सीतारमण कई चुनिंदा वैश्विक कंपनियों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों के साथ बैठकें भी करेंगी। इसके अलावा, वह प्रमुख उद्योगपतियों के साथ गोलमेज चर्चा में भाग लेंगी, जिसमें भारत की मजबूत व्यापक आर्थिक स्थिति, वर्तमान संरचनात्मक सुधारों, बढ़ते निवेश अवसरों तथा दीर्घकालिक आर्थिक विकास की संभावनाओं को प्रस्तुत किया जाएगा। श्रीमती सीतारमण ‘नये मध्यम वर्ग के विकास को कैसे प्रोत्साहित किया जाये’ विषय पर ले रोंकोंत्र एकोनोमिक द’ऐक्स-आं-प्रोवांस में आयोजित एक पैनल चर्चा में भी भाग लेंगी। यह यूरोप के प्रमुख वार्षिक मंचों में से एक है, जहाँ वैश्विक अर्थव्यवस्था और सार्वजनिक नीति से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर संवाद होता है। ‘ले सर्कल देज़ एकोनोमिस्त’ द्वारा आयोजित इस मंच पर दुनिया भर से राष्ट्राध्यक्ष, मंत्री, केन्द्रीय बैंक के प्रमुख, उद्योग जगत के नेता, अर्थशास्त्री, शिक्षाविद् तथा अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधि समकालीन वैश्विक आर्थिक चुनौतियों पर विचार-विमर्श करते हैं।
केन्द्रीय वित्त मंत्री कादाराशे स्थित अंतरराष्ट्रीय ताप-नाभिकीय प्रायोगिक रिएक्टर– आईटीईआर परियोजना का भी दौरा करेंगी।
आईटीईआर न्यूक्लियर फ्यूज़न ऊर्जा के क्षेत्र में दुनिया की सबसे बड़ी अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक सहयोग परियोजनाओं में से एक है, जिसमें भारत और फ्रांस सहित 30 से अधिक साझेदार देश शामिल हैं। वह कैंपस साइबर का भी दौरा करेंगी, जो फ्रांस का साइबर सुरक्षा नवाचार, अनुसंधान, कौशल विकास और सरकार, उद्योग तथा शिक्षण संस्थानों के बीच सहयोग के लिए समर्पित राष्ट्रीय केन्द्र है। इस यात्रा से साइबर सुरक्षा क्षमता को मजबूत करने तथा डिजिटल अर्थव्यवस्था में नवाचार को बढ़ावा देने के लिए अनुभवों और सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों के आदान-प्रदान को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है। श्रीमती सीतारमण प्रोवेंस-आल्प्स-कोट द’अज़ूर (पीएसीए) क्षेत्र के अध्यक्ष रेनो मुसेलिये से भी मुलाकात करेंगी। इस दौरान निवेश, नवाचार, स्वच्छ ऊर्जा, प्रौद्योगिकी तथा क्षेत्रीय आर्थिक साझेदारी जैसे साझा हितों के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के अवसरों पर चर्चा की जाएगी। अपनी आधिकारिक यात्रा के समापन पर केन्द्रीय वित्त मंत्री फ्रांस में भारतीय प्रवासी समुदाय के सदस्यों के साथ आयोजित एक सामुदायिक कार्यक्रम में भी भाग लेंगी।

