सड़क निर्माण की मांग को लेकर महिलाओं ने किया चक्काजाम

सीहोर। लगभग दो दशक से सड़क व नालियों सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का अभाव झेल रहे वार्ड क्रमांक एक के रहवासियों के सब्र का बांध आखिरकार मंगलवार को ढह गया. वार्ड की अनेक महिलाओं व पुरुषों ने कोलीपुरा चौराहे पर चक्काजाम करते हुए आक्रोश का प्रदर्शन किया. इस दौरान हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई थीं. बाद में उन्होंने नपा परिषद में जाकर नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर को भी अपनी व्यथा से अवगत कराया.

गौरतलब है कि शहर का वार्ड क्रमांक एक लंबे समय से उपेक्षा का शिकार बना हुआ है. वार्ड में पक्की सड़क और नालियों के अभाव के बीच रहने को लाचार वार्डवासियों की इस समस्या को दूर करने के प्रयास किया जाना आवश्यक नहीं समझा गया. आलम यह है कि बारिश के दिनों में जर्जर सड़कों पर चलना भी दूभर हो जाता है. कीचड़ व बारिश के गंदे पानी के बीच से होकर गुजरते वार्डवासियों द्वारा पूर्व में भी कई बार अपनी समस्याओं को लेकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया जा चुका है. आखिरकार जब उनकी समस्या का निराकरण नहीं हो सका तो मंगलवार को वह सड़कों पर उतर आए. उन्होंने कोलीपुरा चौराहे पर चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया. प्रदर्शन के चलते चौराहे के चारों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और शहर का यातायात प्रभावित हो गया. प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर बैठकर नगर पालिका तथा प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की. महिलाओं ने भी सड़क पर बैठकर अपना विरोध दर्ज कराया.

जाम की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे तथा प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर जाम समाप्त कराने का प्रयास किया. काफी समझाईश के बाद प्रदर्शनकारी चक्काजाम करने को राजी हुए. इसके बाद आंदोलनकारी महिलाओं ने नगरपालिका का रूख किया और नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर को समस्या से अवगत कराया. नपाध्यक्ष ने उन्हें आश्वस्त किया कि वार्ड में सीवेज लाईन का कार्य पूरा होने के तुरंत बाद सड़कों का निर्माण करा दिया जाएगा. विकल्प के तौर पर सड़कों पर मुरम डालने के उन्होंने कर्मचारियों को निर्देश दिए.

 

Next Post

लोक सेवा केंद्र में उखड़ रही फर्श की टाइल्स, बंद हैं शौचालय

Wed Jul 1 , 2026
मुलताई। नगर के लोक सेवा केंद्र भवन की फर्श पर लगी टाइल्स उखड़ने लगी हैं, जिससे गिरकर लोग घायल हो रहे हैं, लोक सेवा केंद्र में मरम्मत कराए जाने एवं बंद शौचालय प्रारम्भ किए जाने की मांग को लेकर समाजसेवी अनिल सोनी ने जन सुनवाई में मंगलवार को आवेदन सौपा […]

You May Like