वेनेजुएला में भूकंप से मरने वालों की संख्या 1700 के पार, हजारों लोग अब भी लापता

कराकास, 30 जून (वार्ता) वेनेजुएला के तटीय क्षेत्र में पिछले सप्ताह आये रिक्टर पैमाने पर 7.2 और 7.5 तीव्रता के दो विनाशकारी भूकंपों में मरने वालों की संख्या बढ़कर 1700 से अधिक हो गयी है। अधिकारियों ने सोमवार को जारी रिपोर्ट में यह जानकारी दी। राष्ट्रीय संसद के अध्यक्ष जॉर्ज रोड्रिगेज ने बताया कि भूकंप में अब तक 5,034 लोग घायल हुए हैं, जबकि 15,866 लोग विस्थापित हैं। इसके अलावा 22,619 लोगों का विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में उपचार चल रहा है। संयुक्त राष्ट्र के अनुसार अब भी लगभग 68,000 लोग लापता हो सकते हैं, जिसे लेकर सबसे अधिक चिंता जताई जा रही है। ला गुआइरा प्रांत में सबसे अधिक जनहानि और तबाही हुई है। इसके बाद सरकार ने पूरे क्षेत्र को आपदा प्रभावित घोषित कर वहां सेना की तैनाती कर दी है।

भूकंप के पांच दिन बाद भी खोज एवं बचाव अभियान जारी है। भारी मशीनरी के साथ अंतरराष्ट्रीय बचाव दल भी राहत कार्य में जुटे हैं, हालांकि मलबे में दबे लोगों के जीवित मिलने की उम्मीद लगातार कम होती जा रही है।
काटिया ला मार क्षेत्र में सोमवार को अल सल्वाडोर, मैक्सिको और वेनेजुएला के संयुक्त बचाव दल भूकंप के दिन से ढही हुई इमारत के मलबे में फंसे 21 वर्षीय युवक को सुरक्षित निकालने का प्रयास किया जा रहा है। सैन फेलिपे और युमारे के बीच 24 जून को आए इन दोनों भूकंपों की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 7.2 और 7.5 मापी गयी थी। दोनों झटकों से धरती कांप गयी थी।

राहत कार्यों में देरी और अपर्याप्त प्रयासों को लेकर हो रही आलोचना के बीच सरकारी अधिकारियों ने बचाव एवं पुनर्वास कार्यों में तेजी का दावा किया है। ला गुआइरा में कल पुलिस और सैन्यकर्मियों ने विस्थापित लोगों को डिब्बाबंद ट्यूना और बिस्कुट वितरित किये। राष्ट्रीय संसद के अध्यक्ष जॉर्ज रोड्रिगेज ने एक संबोधन में कहा कि सर्वाधिक प्रभावित ला गुआइरा प्रांत में 90 प्रतिशत क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है। उन्होंने कहा कि क्षतिग्रस्त और खतरनाक इमारतों का तेजी से आकलन किया जा रहा है तथा विस्थापितों के लिए 15 अस्थायी राहत शिविर स्थापित किये गये हैं। इस बीच, 2025 का नोबेल शांति पुरस्कार जीत चुकी वेनेजुएला की विपक्षी नेता मारिया कोरीना मचाडो ने प्रभावित लोगों के बीच रहने के लिए शीघ्र ही देश लौटने की इच्छा जतायी है।

.....

Next Post

भीषण गर्मी के बीच एयर कंडीशनर के उपयोग पर कोई भी रूख अपनाने से यूरोपीय संघ ने किया इनकार

Tue Jun 30 , 2026
ब्रसेल्स, 30 जून (वार्ता) यूरोप में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी में एयर कंडीशनर (एसी) के बढ़ते उपयोग पर छिड़ी बहस के बीच यूरोपीय आयोग ने इस मुद्दे पर कोई पक्ष लेने से इनकार किया है। आयोग ने कहा कि उपभोक्ताओं की पसंद तय करना यूरोपीय संघ (ईयू) की कार्यपालिका की भूमिका […]

You May Like