
रतलाम। शहर के हरमाला रोड स्थित पुरानी फूलमंडी क्षेत्र में एक 60 से 65 वर्षीय अज्ञात बुजुर्ग महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। महिला बालू चाय होटल के बाहर मृत अवस्था में मिली। सूचना मिलने पर माणकचौक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार घटना 27 जून सुबह करीब 8.30 बजे की है। मामले में माणकचौक थाने में मर्ग क्रमांक 16/26 धारा 194 बीएनएसएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि मृतका की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। प्रथम दृष्टया महिला की मौत के कारण स्पष्ट नहीं हैं। शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिसकी रिपोर्ट के बाद मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। वहीं पुलिस मृतका की शिनाख्त कराने और आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच में जुटी है।
