नयी दिल्ली, 28 जून (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में बीते सप्ताह चावल का औसत भाव बढ़ गया। चावल के साथ दालों और खाद्य तेलों में भी तेजी रही। वहीं, गेहूं में मंदी का रुख देखा गया।
सप्ताह के दौरान चावल की औसत कीमत 38 रुपये बढ़कर सप्ताहांत पर 3,905 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंच गयी। गेहूं पांच रुपये सस्ता हुआ और 2,781 रुपये प्रति क्विंटल रह गया। आटे का भाव नौ रुपये गिरकर 3,255 रुपये प्रति क्विंटल पर रहा।
सप्ताह के दौरान चना दाल की औसत कीमत 47 रुपये और मसूर दाल की 21 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गयी। उड़द दाल 11 रुपये और तुअर दाल चार रुपये महंगी हुई। मूंग दाल की कीमत पिछले कारोबारी दिवस के स्तर पर स्थिर रही।
खाद्य तेलों में भी साप्ताहिक बढ़त देखने को मिली। मूंगफली तेल 189 रुपये और सूरजमुखी तेल 70 रुपये प्रति क्विंटल महंगा हुआ। सोया ऑयल की कीमत 57 रुपये और पाम ऑयल की छह रुपये बढ़ गयी। वनस्पति और सरसों तेल के भाव में कमोबेश टिकाव रहा।
मीठे के बाजार में बीते सप्ताह गुड़ का औसत भाव पांच रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गया। वहीं, चीनी स्थिर रही।
