
उज्जैन। शनिवार सुबह इंगोरिया थाना क्षेत्र के ग्राम बलेडी में नाले में एक युवक की लाश बड़ी होने की खबर मिलते ही लोगों की भीड़ जमा हो गई पुलिस घटना स्थल पहुंची और लाश को बाहर निकाला गया। जिसकी पहचान गांव के शराबी युवक के रूप में हुई। इंगोरिया थाना प्रभारी दीपेश व्यास ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस बलेडी पहुंची थी। नाले में पड़ी लाश को बाहर निकाला गया। कुछ देर बाद ही मृतक की पहचान गोवर्धनलाल पिता बगदीराम मोगिया 30 साल निवासी बलेडी के रूप में हो गई। थाना प्रभारी के अनुसार गांव वालों से पूछताछ करने पर सामने आया कि गोवर्धन शराब पीने का आदी था और गांव में लोगों के यहां काम मिलने पर कर लेता था। उसके परिवार में माता-पिता, पत्नी बच्चे कोई नहीं है। पुलिस की जांच टीम के अनुसार घटनास्थल से कोई ऐसे साक्ष्य नहीं मिले हैं जिससे मृतक के साथ अप्रिय घटना होना स्पष्ट हो। आशंका है कि नशे की हालत में वह पानी से भरे नाले में गिरा है और उसकी डूबने से मौत हुई है। फिलहाल मामले में मर्ग कायम कर शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया है।
