
जबलपुर। कुण्डम थाना अंतर्गत ग्राम गनियारी में आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान की मौत हो गई। धान की बोनी करने गए किसान का शव रात भर तलाश के बाद शनिवार सुबह खेत में महुआ के पेड़ के नीचे टिके हुए संदेहास्पद हालत में मिला।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम गनियारी निवासी दिनेश मार्को (45) ने बताया कि उसके जीजा बाबूलाल मसराम (36) पिछले 20 सालों से सपरिवार उसके साथ ही रहते थे और दोनों मिलकर खेती-किसानी करते थे। शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे बाबूलाल अकेले ही हल-बैल लेकर खेत में धान बोने गए थे। शाम करीब 6 बजे दोनों बैल तो हल सहित घर वापस लौट आए, लेकिन बाबूलाल गायब थे। अनहोनी की आशंका के चलते परिजनों और ग्रामीणों ने रात 8 बजे से लेकर देर रात तक खेतों और आसपास के इलाकों में बाबूलाल की भारी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा।
शनिवार सुबह करीब 6 बजे बाबूलाल की पत्नी सुभद्रा दोबारा हल और बैल लेकर खेत की तरफ गईं। वहां जैसे ही उनकी नजर महुआ के पेड़ पर पड़ी, उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। बाबूलाल पेड़ के तने से टिके हुए अचेत पड़े थे। सुभद्रा ने तुरंत रोते हुए अपने भाई दिनेश को फोन पर इसकी सूचना दी। दिनेश ग्रामीणों को लेकर मौके पर पहुंचा, तो देखा कि बाबूलाल की सांसें थम चुकी थीं और उनकी मौत हो चुकी थी। परिजनों की सूचना पर तत्काल पुलिस की टीम मौके पर पहुंची शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि खेत में काम करने के दौरान अचानक मौसम बदला और आकाशीय बिजली गिरने के कारण किसान बाबूलाल मसराम की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
