पडाना। केबल बिछाने के नाम पर निजी कंपनी द्वारा जेसीबी से खेत मार्ग को खोद देने के कारण 50-60 किसानों की 800 बीघा कृषि भूमि पर आवागमन ठप हो गया है. परेशान किसानों ने अवैध निर्माण व अतिक्रमण हटाने की मांग की है. किसान अखिलेश परमार, नरेंद्र विश्वकर्मा, राजेश चंद्रवंशी, पप्पू विश्वकर्मा, जितेंद्र परमार, रामबाबू परमार, राजेश रावला, दीपक परमार, प्रकाश खाती ने बताया कि ग्राम पडाना से नारायणपुर तक लगभग 2.5 किलोमीटर लंबा कच्चा मार्ग ही खेतों तक जाने का एकमात्र रास्ता है. इसी मार्ग से 50-60 किसानों की करीब 800 बीघा जमीन पर आवाजाही होती है. ट्रैक्टर-ट्रॉली, पशु और किसानों का आना-जाना इसी रास्ते से होता है. किसानों का आरोप है कि मार्ग को उपयोगी बनाने के लिए उन्होंने आपस में पैसे इक_ा कर कुएं के पत्थर निकलवाकर मार्ग पर डलवाए थे. लेकिन अब एक निजी कंपनी ने केबल बिछाने के नाम पर जेसीबी मशीन से पूरे मार्ग को खोद दिया. इससे आवागमन अत्यंत कठिन हो गया.
आगामी कृषि कार्यों के दौरान ट्रैक्टर, ट्रॉली व अन्य कृषि वाहन निकलना संभव नहीं हो पा रहा है. किसानों का कहना है कि पुलिस चौकी पडाना के सामने से होकर बुनकर कॉलोनी के रास्ते खेतों तक जाने वाले मार्ग पर भी कुछ लोगों द्वारा अवैध निर्माण व अतिक्रमण किया जा रहा है. किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि खोदे गए मार्ग को तत्काल दुरुस्त कराया जाए और अवैध निर्माण व अतिक्रमण हटाकर किसानों के आवागमन को सुगम बनाया जाए. किसानों का कहना है कि यदि उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आगामी कृषि कार्य प्रभावित होंगे और वे आंदोलन को मजबूर होंगे.
