खबर का असर
जबलपुर: नगर निगम जबलपुर के वाहन से दिनदहाड़े डीजल चोरी करने के मामले में नगर निगम कमिश्रर रामप्रकाश अहिरवार ने सख्त रूख अपनाया है और उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल चालक पर कार्रवाई के निर्देश जारी किए। जानकारी के अनुसार निगमायुक्त के फरमान के बाद स्वास्थ्य अधिकारी अभिनव मिश्रा ने तत्काल प्रभाव से वाहन चालक को हटा दिया और राज सिक्योरिटी कंपनी को नोटिस जारी किया है।
चालक इसी कंपनी के अंडर में वाहन चला रहा था। विदित हो कि नवभारत ने गत दिवस दिनदहाड़े ननि के वाहन से हो रहा था डीजल चोरी के शीर्षक की खबर प्रमुखता से प्रकाशित की थी जिसके बाद निगमायुक्त ने मामले की गंभीरता को देखते हुए संज्ञान लिया और कार्रवाई करवाई।जानकारी के अनुसार गत दिवस गौर एकता मार्केट के पास नगर निगम के वाहन से डीजल चोरी करते हुए चालक का एक वीडियो वायरल हुआ था जिसने नगर निगम के वाहनों में डीजल की चोरी करने के मामले को उजागर किया था। इस घटना के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने भी भ्रष्टाचारी के खिलाफ जमकर विरोध जताया था।
इनका कहना है
–राज सिक्योरिटी कंपनी के चालक राहुल को तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है और कंपनी को नोटिस जारी किया गया है कि दोबारा इस तरह का कृत्य घटित न हो। निगमायुक्त के फरमान के मुताबिक उक्त कार्रवाई की गई है।
–अभिनव मिश्रा, स्वास्थ्य अधिकारी नगर निगम।
–निगम के वाहन से डीजल चोरी करने के मामले को गंभीरता से लिया गया है। भविष्य में इस तरह के कृत्य दोबारा न घटित हों इसके लिए सभी सीएसआई , राज सिक्योरिटी कंपनी के जिम्मेदारों को चेता दिया गया है और कहा गया है कि वो सभी चालक पर बराबर नजर बनाएं रखें।
–संदीप जायसवाल, डीजल प्रभारी नगर निगम।
