
छतरपुर नगर के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत बगौता में फर्जी तरीके से जमीन के पट्टे जारी करने और लाभार्थियों से धनराशि वसूलने का गंभीर मामला सामने आया है। इस शिकायत के बाद प्रशासन हरकत में आया और बुधवार 5 नवंबर सुबह करीब 10:30 बजे एसडीएम अखिल राठौर ने इस पूरे प्रकरण की जांच के लिए संयुक्त जांच टीम बनाने का आदेश जारी किया।
मामले में आरोप है कि पंचायत स्तर पर कुछ लोगों को अनाधिकृत रूप से भूमि पट्टे दिए गए और बदले में पैसों की वसूली की गई। यह कार्रवाई बिना उचित प्रक्रिया और बिना विधिक अनुमति के की गई, जिससे पंचायत स्तर पर भ्रष्टाचार की आशंका गहराती नजर आ रही है।
जांच टीम में छतरपुर नगर तहसीलदार, ग्रामीण तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक (आरआई) और पटवारी शामिल किए गए हैं, जो दस्तावेज, रिकॉर्ड और संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ कर मामले की सच्चाई का पता लगाएंगे।
एसडीएम ने स्पष्ट कहा है कि,
“जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद दोषियों पर सख्त प्रशासनिक एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”
इस घटना के सामने आने से क्षेत्र में पंचायतों में पारदर्शिता को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
