
जबलपुर। मदनमहल प्रेमनगर में शातिर चोरों ने भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण में पदस्थ एजीएम के सूने मकान को अपना निशाना बनाया है। चोर सूने घर का ताला तोड़कर अलमारी में रखी नकदी और पूजा के चांदी के सिक्के समेटकर रफूचक्कर हो गए। वारदात के समय अधिकारी की पत्नी बच्चों समेत मायके गई हुई थीं। पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी में कैद हुए नकाबपोश चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रेमनगर मदनमहल स्थित राजुल अपार्टमेंट निवासी महेंद्र झारिया (45) भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण में एजीएम के पद पर कार्यरत हैं। वर्तमान में उनकी पोस्टिंग गोंदिया महाराष्ट्र स्थित ट्रेनिंग सेंटर में है। बीते दिनों उनकी पत्नी बच्चों को लेकर शास्त्रीनगर स्थित अपने मायके गई हुई थीं, जिसके कारण घर पर ताला लटका था। राजुल अपार्टमेंट सोसायटी के सदस्य सरदार हरशरण सिंह ने महेंद्र झारिया को फोन कर सूचना दी कि उनके घर का ताला टूटा हुआ है और अंदर सामान बिखरा पड़ा है। चोरी की खबर मिलते ही एजीएम महेंद्र झारिया तुरंत छुट्टी लेकर जबलपुर पहुंचे। जब उन्होंने अपने घर के मुख्य द्वार पर देखा तो ताला टूटा हुआ था। घर के भीतर प्रवेश करने पर दोनों बेडरूम की अलमारियों का सामान पूरा बिखरा हुआ मिला। चोरों ने अलमारी की दराज को निशाना बनाते हुए उसमें रखे लगभग 40,000 नगद और पूजा के 3 चांदी के सिक्के पार कर दिए थे।
ढाई घंटे तक अपार्टमेंट के अंदर रहे चोर
सोसायटी की पार्किंग में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच करने पर पुलिस को अहम सुराग मिले हैं। फुटेज में दो अज्ञात लड़के, जिनकी उम्र लगभग 25 से 30 वर्ष के बीच है, अपना चेहरा छुपाकर रात के करीब 1:30 बजे अपार्टमेंट के अंदर घुसते हुए दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद वे वारदात को अंजाम देकर तड़के 4 बजे बाहर निकलते हुए कैद हुए हैं। चोरों ने बड़ी इत्मीनान से करीब ढाई घंटे के भीतर इस पूरी चोरी को अंजाम दिया।
