सिडनी 26 जून (वार्ता) ऑस्ट्रेलिया के पूर्व ऑलराउंडर जेम्स होप्स ने सिडनी सिक्सर्स के मुख्य कोच का पद संभालने के दो महीने से भी कम समय में इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने ब्रिस्बेन हीट और क्वींसलैंड बुल्स के मुख्य कोच के तौर पर तीन साल के अनुबंध के साथ घर लौटने का फैसला किया है। होप्स को चार मई को सिक्सर्स ने दो साल के अनुबंध पर नियुक्त किया था। उन्होंने ग्रेग शिपरड की जगह ली थी, जिन्होंने पिछले सीज़न में क्लब को बीबीएल फाइनल तक पहुंचाया था। वह अभी मेजर लीग क्रिकेट में वॉशिंगटन फ्रीडम के कोचिंग स्टाफ़ का हिस्सा हैं और अगले महीने क्वींसलैंड के साथ अपनी नई भूमिका शुरू करेंगे।
सिडनी सिक्सर्स ने शुक्रवार को अपने बयान में कहा कि मुख्य कोच जेम्स होप्स ने ब्रिस्बेन हीट और क्वींसलैंड बुल्स के मुख्य कोच का पद स्वीकार करने के अपने निर्णय के बारे में फ्रेंचाइजी को जानकारी दे दी है।
अपने फैसले को लेकर होप्स ने कहा, “इस फैसले को लेकर मैं काफी सोच-विचार में था क्योंकि मैं इस साल की शुरुआत में सिक्सर्स की भूमिका मिलने के लिए बहुत आभारी था और अब भी हूं। लेकिन क्वींसलैंड के साथ मुख्य कोचिंग प्रोग्राम संभालने और फिर से ब्रिस्बेन में रहने का मौका ऐसा था जिसे मैं छोड़ नहीं सकता था।”
उन्होंने कहा, “मैं 14 साल की उम्र से ही क्वींसलैंड क्रिकेट से जुड़ा रहा हूं और इस दौरान मुझे बुल्स और हीट के लिए खेलने का सौभाग्य मिला। इसलिए, फिर से उसका हिस्सा बनना मेरे और मेरे परिवार के लिए बहुत खास बात है।”
