नई दिल्ली | ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें वे केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को उनके जन्मदिन पर बधाई देते हुए नजर आ रहे हैं। बधाई का यह तरीका बेहद अनोखा है, जहाँ उन्होंने व्हाइट बोर्ड पर ‘हैप्पी बर्थडे धर्मेंद्र प्रधान, कृपया इस्तीफा दें’ लिखकर अपना संदेश साझा किया है। उन्होंने मंत्री को गिफ्ट के रूप में रिजाइन लेटर भेजने और उस पर हस्ताक्षर करने की भी बात कही है।
पेपर लीक मामले पर जारी है प्रदर्शन
अभिजीत दीपके और उनकी पार्टी पिछले काफी समय से पेपर लीक और प्रतियोगी परीक्षाओं में हुई गड़बड़ी को लेकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे हैं। उनका मानना है कि देश की शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए शिक्षा मंत्री का इस्तीफा अनिवार्य है। सीजेपी की मांग है कि जब तक धर्मेंद्र प्रधान पद से नहीं हटते, तब तक उनका यह देशव्यापी विरोध-प्रदर्शन किसी भी कीमत पर जारी रहेगा।
छात्रों की समस्याओं का समाधान जरूरी
अभिजीत दीपके ने सरकार पर सीधा संवाद न करने का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि प्रधानमंत्री समय रहते छात्रों से संवाद करते, तो युवाओं की समस्याओं का समाधान निकल आता। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे नीट घोटाले और अन्य परीक्षाओं में हो रही धांधली के खिलाफ पूरी तरह से लामबंद हैं। शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर सीजेपी का यह संघर्ष तब तक थमेगा नहीं, जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं हो जातीं।

