‘ऐल्फा’ की निर्माण झलक में दिखा आलिया-शर्वरी का दम, खुद किए जोखिमभरे एक्शन दृश्य

मुंबई, 25 जून (वार्ता) यश राज फिल्म्स ने अपनी आगामी फिल्म ‘ऐल्फा’ की निर्माण-प्रक्रिया से जुड़ा एक विशेष वीडियो जारी किया है, जिसमें अभिनेत्रीआलिया भट्ट और शर्वरी फिल्म के चुनौतीपूर्ण मारधाड़ वाले दृश्य स्वयं करती नजर आ रही हैं। वायआरएफ स्पाई यूनिवर्स की पहली महिला प्रधान फिल्म ‘ऐल्फा’ के इस विशेष वीडियो में दोनों अभिनेत्रियों की कड़ी मेहनत, प्रशिक्षण और समर्पण की झलक दिखाई गई है। वीडियो में आमने-सामने की लड़ाई, गोलीबारी, चाकूबाजी और बड़े पैमाने पर फिल्माए गए जोखिमभरे करतबों को अंजाम देने की प्रक्रिया को दर्शाया गया है।

फिल्म के निर्देशक शिव रवैल ने बताया कि इन कठिन दृश्यों के लिए आलिया और शर्वरी ने लंबे समय तक विशेष प्रशिक्षण प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि दर्शकों को इस फिल्म में आलिया का बिल्कुल नया रूप देखने को मिलेगा। उन्होंने बताया कि फिल्म के कई कठिन और जोखिमपूर्ण दृश्य आलिया ने स्वयं किए हैं। फिल्म के एक्शन डायरेक्टर क्रैग मैक्रे ने कहा कि फिल्म में हवा में घूमते हुए करतब, विस्फोट, गोलीबारी और चाकू से लड़ाई जैसे कई रोमांचकारी दृश्य हैं, जो दर्शकों को रोमांच से भर देंगे। वीडियो में आलिया और शर्वरी को कठिन और तेज गति वाले दृश्यों में पूरे आत्मविश्वास और सटीकता के साथ प्रदर्शन करते देखा जा सकता है। निर्माताओं का दावा है कि फिल्म का मारधाड़ पक्ष दर्शकों को एक नया अनुभव देगा। आदित्य चोपड़ा द्वारा निर्मित और शिव रवैल के निर्देशन में बनी ‘ऐल्फा’ तीन जुलाई को विश्वभर के सिनेमाघरों में प्रदर्शित होगी।

.....

Next Post

अमरावती घाट के अंबा मंदिर सहित तीन मंदिरों में चोरी, दानपेटी तोड़कर उड़ाए 80 हजार रुपए

Thu Jun 25 , 2026
मुलताई। थाना क्षेत्र के ग्राम अमरावती घाट में स्थित श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र प्राचीन मां अम्बा भवानी मंदिर में बुधवार देर रात में अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर दान पेटी में संग्रहित राशि पर हाथ साफ कर दिया। वही अज्ञात चोरो ने अंबा भवानी मंदिर से सटे श्रीराम मंदिर […]

You May Like