हैदराबाद | नीट-यूजी री-एग्जाम के मद्देनजर देशभर में टेलीग्राम पर लगाई गई अस्थायी पाबंदी को सरकार ने हटा लिया है। आज से ही यह मैसेजिंग ऐप गूगल प्ले स्टोर और एप्पल ऐप स्टोर पर फिर से उपलब्ध हो गई है। हालांकि, सरकार ने सुरक्षा के दृष्टिकोण से ऐप के ‘मैसेज एडिटिंग’ फीचर पर 30 जून, 2026 तक रोक बरकरार रखने का निर्णय लिया है।
फर्जीवाड़े पर लगाम की कोशिश
इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने यह निर्णय पेपर लीक की अफवाहों को रोकने के लिए लिया था। जांच में पाया गया कि अपराधी ‘मैसेज एडिटिंग’ फीचर का दुरुपयोग कर पुराने मैसेज में फेरबदल कर उसे पेपर लीक होने का सबूत बताते थे। इस फीचर के बंद होने से शरारती तत्व अब पुरानी तारीखों के साथ फर्जी प्रश्न पत्र पोस्ट नहीं कर पाएंगे।
हाईकोर्ट से सरकार को राहत
इस प्रतिबंध को लेकर टेलीग्राम ने दिल्ली हाईकोर्ट में चुनौती दी थी, जिसे न्यायालय ने खारिज कर दिया। अदालत ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने और जन-व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सरकार का यह कदम पूरी तरह कानूनी और आवश्यक था। फिलहाल, टेलीग्राम पर यह प्रतिबंध हटने से करोड़ों यूजर्स को राहत मिली है, लेकिन एडिटिंग फीचर पर पाबंदी अभी जारी रहेगी।

