इंदौर: द्वारकापुरी क्षेत्र में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है. आरोपी बिना नंबर की पल्सर बाइक से इलाके में घूमकर ब्राउन शुगर सप्लाई करने की फिराक में था.
गश्त के दौरान टीम को सूचना मिली कि कैट रोड स्थित दिग्विजय मल्टी के पास एक संदिग्ध युवक बिना नंबर की बाइक पर खड़ा है और उसके पास नशीला पदार्थ है. सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और युवक को पकड़ लिया.
तलाशी लेने पर उसके पास से 16 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई, जिसकी कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है. पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम लक्की नाथ, निवासी अहिरखेड़ी नाथ मोहल्ला बताया. थाना प्रभारी मनीष मिश्रा ने बताया कि मादक पदार्थ के साथ ही बिना नंबर की पल्सर बाइक को भी जब्त कर लिया है. आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उससे पूछताछ की जा रही है.
