
भोपाल। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राजधानी के रानी कमलापति रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक-1 पर पहली बार वृहद स्तर पर सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक रेल राजाबाबू सिंह के मुख्य आतिथ्य में आयोजित यह कार्यक्रम यात्रियों, रेलवे कर्मचारियों और विभिन्न वर्गों के लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक रेल भोपाल अंकित जायसवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रेल भोपाल नीतू सिंह डावर तथा उप पुलिस अधीक्षक रेल भोपाल रामस्नेही चौहान विशेष रूप से उपस्थित रहे। योग दिवस के अवसर पर भोपाल रेल इकाई के अंतर्गत आने वाले सभी शासकीय रेलवे पुलिस थानों एवं चौकियों में भी समानांतर रूप से योग कार्यक्रम आयोजित किए गए।
आयोजकों के अनुसार कुल 1,129 लोगों ने योगाभ्यास में भाग लिया। इनमें 402 शासकीय रेलवे पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, 150 रेलवे सुरक्षा बल के जवान, 98 वेंडर, 85 कुली, 10 प्वाइंट्समैन, 162 ऑटो चालक, 50 रिक्शा चालक, 50 रेलवे कर्मचारी तथा रेलवे सेवाओं से जुड़े 122 अन्य लोग शामिल रहे।
प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया तथा स्वस्थ, अनुशासित एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम ने शारीरिक फिटनेस, मानसिक स्वास्थ्य और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने में योग की बढ़ती लोकप्रियता को भी रेखांकित किया।
