
इटारसी। रेलवे सुरक्षा बल ने ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते के तहत एक बार फिर मुस्तैदी दिखाते हुए घर से बिना बताए भागे चार नाबालिग बच्चों को सकुशल बरामद कर लिया है। ये बच्चे बिहार से ट्रेन में बैठकर मुंबई जा रहे थे, जिन्हें इटारसी स्टेशन पर सूझबूझ से सुरक्षित उतारा गया।
रेल मदद की सूचना पर की घेराबंदी
जानकारी के अनुसार, 20 जून को आरपीएफ को रेल मदद पोर्टल के माध्यम से सूचना मिली थी कि चार नाबालिग बच्चे अपने घर से बिना बताए निकल गए हैं और गाड़ी संख्या 13201 (पटना-एलटीटी एक्सप्रेस) में सवार होकर मुंबई की तरफ जा रहे हैं। सूचना मिलते ही स्टाफ ने प्राप्त फोटो के आधार पर ट्रेन के इटारसी आगमन पर सघन चेकिंग की और चारों बच्चों को ढूंढ निकाला। बच्चों को सुरक्षित आरपीएफ पोस्ट लाया गया और उनके परिजनों से मोबाइल पर संपर्क किया गया।
बिहार से इटारसी पहुंचे परिजन, बच्चों की लौटी मुस्कान
बच्चों से पूछताछ में पता चला कि वे मुंबई में अपने चचेरे भाई के पास जा रहे थे। सूचना मिलने के बाद 21 जून को बच्चों के परिजन इटारसी आरपीएफ पोस्ट पहुंचे। बच्चों ने अपने परिजनों को पहचान लिया। इसके बाद आरपीएफ के उपनिरीक्षक राजवीर सिंह ने आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर और गवाहों के समक्ष चारों बच्चों को सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बच्चों को पाकर परिजनों ने रेलवे पुलिस का आभार व्यक्त किया।
