इटारसी: तवा डैम का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। वर्तमान में जलस्तर 1159.40 फीट पहुंच चुका है। मौसम विभाग द्वारा आगामी 24 घंटे के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही तवा डैम के जलग्रहण क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के चलते बांध में पानी की आवक तेज़ हो गई है।
बांध के जलस्तर को नियंत्रित रखने हेतु आज दोपहर 3:00 बजे तवा डैम के 3 जलद्वारों को 3-3 फीट तक खोला जाएगा, जिससे 14,514 क्यूसेक अतिरिक्त जल छोड़ा जाएगा। यह पानी तवा नदी के माध्यम से नर्मदा नदी में प्रवाहित होगा।
प्रशासन ने तवा व नर्मदा नदी किनारे बसे गांवों के निवासियों को सतर्क रहने की चेतावनी दी है।नदी किनारे जाने से बचें और बच्चों व मवेशियों को भी दूर रखें। आपात स्थिति में प्रशासन या नजदीकी पुलिस स्टेशन से संपर्क करें।
