जयपुर, 22 जून (वार्ता) राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि कोटा और बीकानेर के बाद अब जोधपुर के पावटा जिला अस्पताल में ऑपरेशन से प्रसव के बाद आठ प्रसूताओं की तबीयत बिगड़ने और दो माताओं की हालत गंभीर होने का समाचार बेहद चिंताजनक है।
श्री गहलोत ने सोमवार को एक बयान में कहा कि प्रसूताओं को सेप्टीसीमिया होना और किडनी खराब होने जैसी गंभीर स्थिति पैदा होना चिकित्सा व्यवस्था में आयी भारी गिरावट और गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि हैरान करने वाली बात है कि एक तरफ शहर में सरकारी आयोजन और अतिमहत्वपूर्ण दौरों की चमक बिखेरी जा रही थी, वहीं हमारी माताओं-बहनों की जिंदगी खतरे में थी और प्रशासन सच्चाई छुपाने में जुटा रहा।
श्री गहलोत ने कहा कि वह जोधपुर पहुंचकर पीड़ितों से मुलाकात करेंगे।
