गिरवाई थाना क्षेत्र के अजयपुर स्थित सांवरिया धाम कॉलोनी में कुछ महीने पहले डॉ. शिशिर भटनागर ने मकान खरीदा है। इसमें डॉ. शिशिर परिवार सहित रहते है। घर के ठीक सामने कुछ गुमटी और ठेले लगे थे। यहां 24 घंटे असामाजिक तत्व का जमावड़ा रहता था। वहां शराबखोरी गाली-गलौज, लड़ाई झगड़े आए दिन होते थे। डॉक्टर ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से इसकी शिकायत कर दी। इस पर वहां से अवैध ठेले और गुमटी हटा दिए गए। पुलिस ने उस एरिया में खड़े होने वाले लोगों को खदेडऩा शुरू कर दिया था। यह बात वहां खड़े होने वाले कुछ असामाजिक तत्वों को नागवार गुजरी। इन लोगों ने डॉक्टर के घर को टारगेट कर लिया।
बदमाशों ने दिन में कार से डॉक्टर के घर के सामने पहुंचकर गाली-गलौज करते हुए दो फायर कर दिए। इसके बाद हमलावर कार में सवार होकर फरार हो गए। डॉक्टर ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस एक्शन लेती, उससे पहले ही रात करीब 2 बजे कुछ बदमाश घर के बाहर पहुंचे। गालियां देते हुए पथराव कर दिया। यह घटना भी लगे सीसीटीवी में कैद हो गई है।
डॉक्टर शिशिर भटनागर का कहना है कि इलाके के कुछ लोग राजनीतिक संरक्षण के चलते लगातार हमला कर रहे हैं। उन्होंने हमलावरों पर राजनीतिक संरक्षण की बात कही है। उनका कहना है कि वह हार नहीं मानेंगे और असमाजिक तत्वों से डरेंगे नहीं।
पुलिस का कहना है.
सीएसपी अशोक सिंह जादौन ने बताया कि गिरवाई में एक डॉक्टर के घर के बाहर बदमाशों ने फायरिंग की और पत्थरबाजी की है। डॉक्टर ने घटना का सीसीटीवी कैमरे का फुटेज भी दिया है। मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।