बढ़त के साथ खुले शेयर बाजार, सेंसेक्स 400 अंक से ज्यादा चढ़ा

मुंबई, 22 जून (वार्ता) ईरान और अमेरिका के बीच शांति समझौते में प्रगति से उत्साहित निवेशकों की लिवाली से घरेलू शेयर बाजारों में सोमवार को शुरुआती कारोबार में तेजी देखी गयी और बीएसई का सेंसेक्स 400 अंक से अधिक चढ़ गया।

सेंसेक्स 357.77 अंक की बढ़त के साथ 77,160.67 अंक पर खुला। कुछ ही देर बाद यह 446 अंक चढ़ गया। खबर लिखे जाते समय यह 368.99 अंक (0.48 प्रतिशत) ऊपर 77,171.89 अंक पर रहा।

ईरान ने कहा है कि अंतिम शांति समझौते की दिशा में वार्ता में सकारात्मक प्रगति हुई है। इससे बाजार में निवेश धारणा को मजबूती मिली है।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 118.05 अंक चढ़कर 24,131.15 अंक पर खुला। खबर लिखे जाते समय यह 105.15 अंक यानी 0.44 प्रतिशत की मजबूती के साथ 24,118.25 अंक पर रहा।

वृहत बाजार में इस समय लिवाली देखी जा रही है। सभी सेक्टरों के सूचकांक हरे निशान में हैं। पिछले कारोबारी दिवस की बड़ी गिरावट के बाद आईटी सेक्टर में आज सबसे अधिक तेजी है। तेल एवं गैस, मीडिया, फार्मा और वित्त सेक्टरों में भी अच्छी लिवाली चल रही है।

सेंसेक्स की कंपनियों में रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर करीब ढाई फीसदी ऊपर है। टेक महिंद्रा और इंफोसिस भी एक फीसदी से अधिक की बढ़त में हैं। बजाज फाइनेंस, एचसीएल टेक्नोलॉजीज और एचडीएफसी बैंक के शेयर भी अच्छी मजबूती बनाये हुए हैं। इंडिगो, टाइटन और अडानी पोर्ट्स फिलहाल गिरावट में हैं।

 

 

Next Post

सवरनी के बंजारी घाटी में पलटी महाराष्ट्र परिवहन की बस, दर्जन भर से ज्यादा यात्री घायल

Mon Jun 22 , 2026
सौसर: बिछुआ से नागपुर जा रही महाराष्ट्र राज्य परिवहन की एक यात्री बस सोमवार को सवरनी के पहले स्थित बंजारी घाटी के समीप दुर्घटनाग्रस्त हो गई। घाटी के खतरनाक और अंधे मोड़ पर चालक के स्टेयरिंग से नियंत्रण खो देने के कारण बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे के […]

You May Like