भोपाल। पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल रेल मंडल ने वित्तीय वर्ष 2026-27 की शुरुआत में ही एक नया रिकॉर्ड बनाया है। अप्रैल और मई महीने में 71.07 लाख से अधिक यात्रियों ने रेल यात्रा के लिए टिकट बुक किए, जिससे रेलवे को 177.38 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।
इन दो महीनों में सबसे ज्यादा 52.26 लाख यात्रियों ने अनारक्षित टिकट लेकर सफर किया, जबकि 18.81 लाख यात्रियों ने आरक्षित टिकटों के जरिए यात्रा की। यह आंकड़े बताते हैं कि आम यात्रियों के बीच रेल यात्रा की मांग लगातार मजबूत बनी हुई है।
भोपाल रेल मंडल से देश के चारों दिशाओं में जाने वाली ट्रेनों की बेहतर उपलब्धता के कारण यात्रियों को अच्छी कनेक्टिविटी मिल रही है। यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने टिकट काउंटरों के साथ-साथ आईआरसीटीसी और मोबाइल ऐप के माध्यम से डिजिटल टिकट बुकिंग की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई हैं।
रेल प्रशासन का कहना है कि कर्मचारियों के बेहतर समन्वय और यात्री सुविधाओं में लगातार सुधार के कारण यह उपलब्धि हासिल हुई है। रेलवे आने वाले समय में यात्रियों को और बेहतर सेवाएं देने और राजस्व बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास करता रहेगा।
