
सीधी। जिले के राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 39 सीधी-सिंगरौली के ग्राम हड़बड़ो में रसोई गैस सिलेंडरों से भरे ट्रक और एक बल्कर वाहन के बीच आमने-सामने की टक्कर आज दोपहर करीब 12 बजे हो गई। दुर्घटना में दोनों वाहनों के चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। गनीमत रही कि गैस सिलेंडरों से भरे ट्रक में कोई विस्फोट नहीं हुआ, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। जानकारी के अनुसार हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया और 108 एंबुलेंस की सहायता से दोनों घायलों को जिला अस्पताल सीधी पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें संजय गांधी चिकित्सालय रीवा रेफर कर दिया। घायल चालकों के गंभीर होने और रीवा अस्पताल के लिए रेफर होने से उनकी पहचान फौरी तौर पर नहीं हो सकी थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बल्कर वाहन रॉन्ग साइड से आ रहा था, जबकि सामने से गैस सिलेंडरों से लदा ट्रक पहुंच रहा था। इसी दौरान दोनों वाहनों में जोरदार भिड़ंत हो गई। उन्होंने आशंका जताई कि यदि सिलेंडरों में विस्फोट हो जाता तो आसपास के मकानों को भारी नुकसान पहुंच सकता था और जनहानि भी हो सकती थी। पुलिस के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त बल्कर वाहन का पंजीयन क्रमांक एमपी 17 जेडआर 9493 तथा गैस सिलेंडरों से भरे ट्रक का पंजीयन क्रमांक एमएच 40 सीएम 7231 है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच शुरू कर दी है।
