CMHO दफ्तर में कलेक्टर का औचक निरीक्षण, 42 में से 21 कर्मचारी गायब; 3 दिन का वेतन काटने के निर्देश

सागर। सागर जिले की कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यालय में भारी लापरवाही सामने आई, जहां उपस्थिति पंजी देखने पर 42 अधिकारियों व कर्मचारियों में से 21 लोग अनुपस्थित पाए गए। इस पर कड़ी नाराजगी जताते हुए कलेक्टर ने सभी अनुपस्थित स्टाफ का तत्काल 3 दिन का वेतन काटने और अनुशासनात्मक कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं। सीएमएचओ कार्यालय परिसर का भ्रमण कर वहां संचालित हो रही सभी शाखाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने स्थापना शाखा (जिसमें कर्मचारियों के अवकाश, क्लेम्स और सर्विस बुक आदि का संधारण होता है), लिपिक शाखा तथा नेशनल हेल्थ मिशन (NHM) यूनिट सहित विभिन्न विभागों की टेबल पर जाकर फाइलों और रिकॉर्ड की स्थिति देखी।कलेक्टर ने निर्देश दिए कि शासकीय कर्मचारियों के अवकाश, क्लेम और सर्विस बुक से जुड़े मामलों का निपटारा समय-सीमा में किया जाए, इसमें किसी भी स्तर पर लेटलतीफी न की जाए। इसके साथ ही एनएचएम यूनिट के तहत जिले में चल रही स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

निरीक्षण के दौरान जब कलेक्टर ने कार्यालय के उपस्थिति रजिस्टर (Attendance Register) की सघन जांच की, तो स्थिति अत्यंत निराशाजनक मिली। दफ्तर के 42 अधिकारियों-कर्मचारियों में से 21 लोग बिना किसी पूर्व सूचना या स्वीकृत अवकाश के ड्यूटी से नदारद थे। इस घोर लापरवाही पर सख्त रुख अपनाते हुए कलेक्टर श्रीमती पाल ने सीएमएचओ को निर्देशित किया कि सभी अनुपस्थित कर्मचारियों को तत्काल ‘कारण बताओ नोटिस’ जारी किया जाए और उनका 3 दिन का वेतन काटने की दंडात्मक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।कलेक्टर ने सीएमएचओ को स्पष्ट शब्दों में कहा कि स्वास्थ्य विभाग सीधे तौर पर आम जनता और मरीजों से जुड़ा हुआ है। कार्यालय में आने वाले नागरिकों और दूर-दराज से आने वाले लोगों को किसी भी काम के लिए परेशान न होना पड़े। उन्होंने पूरे दफ्तर में साफ-सफाई बनाए रखने, फाइलों का सुव्यवस्थित रखरखाव करने और सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को निर्धारित समय पर दफ्तर में उपस्थित रहने की कड़ी हिदायत दी।

Next Post

चालान से डर... जिंदगी की परवाह नहीं? भोपाल में हेलमेट को लेकर सुधर नहीं रहे हालात

Sat Jun 20 , 2026
भोपाल। ट्रैफिक पुलिस की सख्ती के बावजूद हेलमेट को लेकर वाहन चालकों की लापरवाही कम नहीं हो रही है। शहर के लगभग हर चौराहे और प्रमुख मार्गों पर लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन आंकड़े बताते हैं कि सबसे ज्यादा चालान हेलमेट नियम तोड़ने वालों के ही कट […]

You May Like