भोपाल। ट्रैफिक पुलिस की सख्ती के बावजूद हेलमेट को लेकर वाहन चालकों की लापरवाही कम नहीं हो रही है। शहर के लगभग हर चौराहे और प्रमुख मार्गों पर लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन आंकड़े बताते हैं कि सबसे ज्यादा चालान हेलमेट नियम तोड़ने वालों के ही कट रहे हैं।
पिछले पांच महीनों में भोपाल ट्रैफिक पुलिस ने कुल 27 हजार 152 चालान बनाए हैं। इनमें से 10 हजार 143 चालान बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के हैं, जो कुल चालानों का करीब 37 प्रतिशत है। इन मामलों में 30 लाख 42 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया है। वहीं 949 हेलमेट चालान लंबित हैं, जबकि 373 मामले न्यायालय में विचाराधीन हैं।
लगातार कार्रवाई और जागरूकता के बाद भी लोग हेलमेट पहनने को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं। ऐसे में सवाल यही है कि आखिर लोग हेलमेट को सिर्फ चालान से जोड़कर क्यों देख रहे हैं, जबकि यह सड़क पर उनकी सुरक्षा की सबसे बड़ी ढाल है।
