2 सितंबर को प्रदेश स्तर पर मनेगा बलराम जयंती-किसान दिवस

ग्वालियर: बलराम जयंती के अवसर पर 2 सितंबर को ग्वालियर में “कृषि महोत्सव/किसान दिवस” का प्रादेशिक स्तरीय आयोजन होने जा रहा है। आयोजन की जानकारी देते हुए नंदलाल बाल कल्याण समिति,संयोजक महेंद्र सिंह यादव ने बताया कि वर्ष 2006 से समिति द्वारा प्रतिवर्ष बलराम जयंती को किसान दिवस के रूप में मनाया जाता रहा है।
इस वर्ष प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किसान दिवस को “कृषक कल्याण वर्ष” घोषित कर “कृषि महोत्सव” के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। समिति द्वारा विगत 3 माह में प्रदेश के 10 संभागों एवं 27 जिलों का दौरा कर लगभग 3.35 लाख नवीन किसानों को इस अभियान से जोड़ा गया है। सरकार का लक्ष्य 15 सितंबर 2026 तक 10 लाख किसानों को प्राथमिक कृषि सहकारी समितियों का सदस्य बनाना है, ताकि उन्हें मुख्यमंत्री की मंशानुरूप 0 प्रतिशत ब्याज पर 3 लाख रुपये तक का एक वर्ष का ऋण अपेक्स बैंक के माध्यम से जिला बैंकों द्वारा उपलब्ध कराया जा सके।
मुख्यमंत्री के सपने को साकार करने की दिशा में यह प्रादेशिक आयोजन ग्वालियर के मेला ग्राउंड में होगा। इसमें कृषक पुत्र प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में पधारेंगे।
बलराम महोत्सव महोत्सव के मुख्य उद्देश्य
किसानों को सम्मानित कर मनोबल बढ़ाना, आधुनिक कृषि तकनीकों का प्रचार-प्रसार, प्राकृतिक एवं जैविक खेती के प्रति जागरूकता, कृषि संबंधी सरकारी योजनाओं की जानकारी,समाज में सांस्कृतिक समरसता स्थापित करना, युवा पीढ़ी को कृषि से जोड़ने के लिए प्रेरित करना है
इस दिन कृषि प्रदर्शनी, कृषि संगोष्ठी/सेमिनार, भगवान बलराम जी का पूजन, जन-जागरूकता कार्यक्रम के साथ अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का भी आयोजन रखा गया है। ग्वालियर संभाग के डबरा सहित अन्य स्थानों पर विगत एक सप्ताह से ऐसे आयोजन निरंतर चल रहे हैं।
आयोजन में किसान एवं कृषक संगठन, कृषि विशेषज्ञ एवं वैज्ञानिक, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, सामाजिक संगठन एवं आम नागरिक सम्मिलित होंगे। कार्यक्रम में तकनीकी प्रदर्शन, किसान आय बढ़ाने के लाभ वितरण के साथ युवा एवं छात्रों की भागीदारी कर उन्हें लाभान्वित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
आयोजकों ने विश्वास जताया कि यह आयोजन सभी के सहयोग से न केवल ग्वालियर-चंबल अपितु प्रादेशिक स्तर पर भागीदारी करने वाले खेतीहर मजदूरों और किसानों के जीवन में खुशहाली लाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

Next Post

हाईकोर्ट के आदेश पर अतिक्रमण पर चला बुल्डोजर

Sun Aug 30 , 2026
सीधी: जिले के जमोड़ी थाना क्षेत्र के बंजारी गांव में जबलपुर हाईकोर्ट के आदेश के पालन में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाया। कार्रवाई के दौरान निजी भूमि पर बने मकानों को खाली कराने के बाद बुल्डोजर चलाकर कथित अवैध कब्जे को हटाया गया। मौके पर प्रशासन और […]

You May Like