इंदौर: मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग ने राज्य सेवा परीक्षा-2025 की मुख्य परीक्षा का कार्यक्रम घोषित कर दिया है. आयोग के अनुसार प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम 5 मार्च 2025 को जारी किया जा चुका है. उच्च न्यायालय के आदेश के अनुपालन के बाद मुख्य परीक्षा के आयोजन को मंजूरी दी गई है.मुख्य परीक्षा 17 अगस्त 2026 से 22 अगस्त 2026 तक आयोजित की जाएगी. यह परीक्षा इंदौर, भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर, छिंदवाड़ा, रतलाम, सतना, सागर, शहडोल, बड़वानी, उज्जैन और बालाघाट स्थित परीक्षा केंद्रों पर होगी.
परीक्षा प्रतिदिन निर्धारित समय पर सुबह 10 बजे से आयोजित की जाएगी. आयोग ने बताया कि सामान्य अध्ययन के चार प्रश्नपत्र, सामान्य हिंदी एवं व्याकरण तथा हिंदी निबंध एवं प्रारूप लेखन के प्रश्नपत्र शामिल होंगे. सामान्य अध्ययन के प्रश्नपत्र तीन घंटे के होंगे, जबकि हिंदी व्याकरण का प्रश्नपत्र दो घंटे तथा निबंध एवं प्रारूप लेखन का प्रश्नपत्र ढाई घंटे का होगा. हिंदी निबंध एवं प्रारूप लेखन का उत्तर सभी अभ्यर्थियों को अनिवार्य रूप से हिंदी में ही देना होगा. मुख्य परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन 25 जून 2026 से 15 जुलाई 2026 तक डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू.एमपीऑनलाइन.जीओवी.इन और एमपीपीएससी.एमपी.जीओवी.इन पर किए जा सकेंगे.
आवेदन शुल्क मध्यप्रदेश के आरक्षित वर्गों एवं दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए 400 रुपये तथा अन्य सभी श्रेणियों के लिए 800 रुपये निर्धारित किया गया है. इसके अतिरिक्त 40 रुपये पोर्टल शुल्क भी देय होगा. आवेदन में त्रुटि सुधार की सुविधा 30 जून से 17 जुलाई 2026 तक उपलब्ध रहेगी. इसके बाद किसी प्रकार का संशोधन नहीं किया जा सकेगा. आयोग ने स्पष्ट किया है कि अंतिम तिथि तक आवेदन नहीं करने वाले अभ्यर्थियों की उम्मीदवारी स्वतः समाप्त मानी जाएगी. विलंब से आवेदन के लिए भी व्यवस्था की गई है, जिसके तहत 16 से 22 जुलाई 2026 तक 3000 रुपये तथा 23 से 27 जुलाई 2026 तक 25,000 रुपये विलंब शुल्क के साथ आवेदन किया जा सकेगा.
प्रवेश पत्र ऑनलाइन उपलब्ध रहेंगे
मुख्य परीक्षा के प्रवेश पत्र 10 अगस्त 2026 से ऑनलाइन उपलब्ध रहेंगे. परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र के साथ मान्य फोटोयुक्त पहचान पत्र में से कोई एक मूल दस्तावेज प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा. आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि सामान्य अध्ययन के प्रश्नपत्र हिंदी और अंग्रेजी दोनों माध्यमों में होंगे, जबकि हिंदी से संबंधित प्रश्नपत्र केवल हिंदी माध्यम में होंगे. परीक्षा योजना और पाठ्यक्रम आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है
