खनिज विभाग की रडार पर कटनी-सतना के स्टॉक यार्ड: ईटीपी और स्टॉक ट्रांसफर के दुरुपयोग की आशंका

कटनी/मैहर। भंडारण केंद्र (स्टॉक यार्ड) के माध्यम से खनिज परिवहन की प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर खनिज विभाग ने जांच शुरू की है। मैहर जिले में करीब तीन सप्ताह पहले की गई कार्रवाई में तीन वाहनों को जब्त किया गया था। विभाग अब इन वाहनों से संबंधित दस्तावेजों, ईटीपी (इलेक्ट्रॉनिक ट्रांजिट पास) और स्टॉक रिकॉर्ड की जांच कर रहा है।

जानकारी के अनुसार, खनिज विभाग ने वाहन क्रमांक MP 19 ZP 9454, MP 19 ZP 9354 और MP 19 ZS 7154 को कार्रवाई के दौरान पकड़ा था। ये वाहन लेटेराइट खनिज के परिवहन से जुड़े बताए गए हैं। वर्तमान में वाहन बाबूपुर पुलिस चौकी में खड़े हैं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इन वाहनों के लिए जारी ईटीपी कटनी जिले की एक खनिज फर्म से संबंधित थी। नियमानुसार स्टॉक यार्ड में खनिज पहुंचने और रिकॉर्ड दर्ज होने के बाद ही आगे परिवहन की प्रक्रिया पूरी की जानी थी। विभाग यह जांच कर रहा है कि परिवहन प्रक्रिया में निर्धारित नियमों का पालन हुआ या नहीं।

खनिज विभाग को आशंका है कि कुछ मामलों में स्टॉक ट्रांसफर प्रक्रिया का दुरुपयोग किया गया हो सकता है। इसी को लेकर संबंधित फर्मों के पुराने ट्रांजिट पास, स्टॉक रजिस्टर और परिवहन दस्तावेजों की जांच की जा रही है, ताकि वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।

जांच के दायरे में कटनी और सतना क्षेत्र से जुड़े कुछ स्टॉक यार्ड और खनिज कारोबारी भी बताए जा रहे हैं। विभाग का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जा सकेगा।

इस मामले में संबंधित खनिज कारोबारी का पक्ष जानने का प्रयास किया गया। लेकिन उनसे चर्चा नहीं हो सकी।

Next Post

माधव विधि महाविद्यालय में वित्तीय साक्षरता कार्यशाला

Fri Jun 19 , 2026
ग्वालियर। माधव विधि महाविद्यालय में भारत स्किल डेवलपमेंट सेंटर के सहयोग से निवेश जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सेबी के दिशा-निर्देशों पर आधारित इस वित्तीय साक्षरता कार्यशाला में छात्रों व शिक्षकों को निवेश और निवेशक संरक्षण के महत्वपूर्ण पहलू समझाए गए। कार्यक्रम के मुख्य प्रशिक्षक सीए इरफान अब्दुल ने […]

You May Like