
छिंदवाड़ा। आगामी बारिश के मौसम को देखते हुए नगर पालिक निगम सभाकक्ष में आज एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में शहर में होने वाली संभावित समस्याओं एवं उनके त्वरित समाधान को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में महापौर विक्रम अहके, निगमायुक्त सीपी राय, कार्यपालन यंत्री हिमांशु अतुलकर सहित निगम के अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक में आयुक्त सीपी राय ने बारिश के दौरान सड़कों पर बनने वाले गड्ढों को तत्काल भरने, जलभराव वाले क्षेत्रों की व्यवस्था सुधारने तथा सीवरेज संबंधी शिकायतों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए गए। वहीं बैठक में उपस्थित नही होने वाले इंजीनियरों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा गया कि नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं। महापौर विक्रम अहके ने कहा कि बारिश के मौसम में नगर निगम का पूरा अमला मुस्तैद रहेगा। नाला गैंग को अलर्ट मोड पर रखा जाएगा तथा जलभराव वाले क्षेत्रों पर अधिकारियों की विशेष निगरानी रहेगी। उन्होंने कहा कि तेज आंधी-तूफान के दौरान पेड़ गिरने जैसी घटनाओं की स्थिति में निगम की टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर समस्या का त्वरित निराकरण करेगी। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि नागरिकों की शिकायतों और समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए नगर पालिक निगम द्वारा 24 घंटे संचालित होने वाला कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा। इस कंट्रोल रूम में कर्मचारियों की निरंतर ड्यूटी रहेगी ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।
