अल्टीमेटम खत्म, नगर निगम के कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन काम बंद हड़ताल शुरू

कटनी: अतिक्रमण विरोधी टीम पर हुए हमले के आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों का सब्र आखिरकार टूट गया। प्रशासन और पुलिस को दिया गया अल्टीमेटम आज सुबह समाप्त होते ही अमले ने अपने वादे के मुताबिक आज (शुक्रवार) से पूर्णतः काम बंद हड़ताल शुरू कर दी है। सुबह से ही नगर निगम दफ्तर के सभी विभागों में ताले लटके नजर आए और कर्मचारी काम छोड़कर प्रदर्शन में शामिल हो गए हैं।

सुबह 10 बजे का अल्टीमेटम हुआ खत्म
गौरतलब है कि कल (गुरुवार) को दो घंटे के सांकेतिक प्रदर्शन के बाद अधिकारियों की समझाइश पर कर्मचारी काम पर लौटे थे। लेकिन उन्होंने साफ चेतावनी दी थी कि यदि आज शुक्रवार सुबह 10 बजे तक पुलिस ने सुस्त रवैया छोड़कर आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया, तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। समय सीमा बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली रहने के कारण कर्मचारियों ने आज सुबह से ही कामकाज पूरी तरह ठप कर दिया।

‘जब तक गिरफ्तारी नहीं, तब तक काम नहीं’
प्रदर्शनकारी कर्मचारियों का कहना है कि पुलिस इस मामले को बेहद हल्के में ले रही है। शासकीय कार्यालय में घुसकर सरेआम मारपीट करने वाले आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं, जिससे नगर निगम कर्मियों में असुरक्षा की भावना है। संघ के पदाधिकारियों ने दो टूक शब्दों में कहा है कि जब तक सभी नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे नहीं भेजा जाता, तब तक कोई भी कर्मचारी काम पर वापस नहीं लौटेगा।

शहर में चरमरा सकती हैं व्यवस्थाएं
हड़ताल के पहले ही दिन नगर निगम के प्रशासनिक कार्यों समेत साफ-सफाई, जल प्रदाय और अतिक्रमण विरोधी अभियानों पर इसका सीधा असर देखने को मिल रहा है। यदि यह गतिरोध जल्द नहीं सुलझा, तो आने वाले दिनों में शहर की नागरिक व्यवस्थाएं पूरी तरह चरमरा सकती हैं। फिलहाल स्थिति को देखते हुए वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी कर्मचारियों को मनाने और पुलिस विभाग से समन्वय बनाने का प्रयास कर रहे हैं।

Next Post

नीट की तैयारी कर रही छात्रा तीसरी मंजिल से गिरी, मौत

Fri Jun 19 , 2026
इंदौर: NEET की तैयारी कर रही छात्रा अवंतिका मौर्य की तीसरी मंजिल से गिरने से मौत फोन पर बात करते हुए पहुंची थी मंजिल पर अचानक से नीचे गिरी भंवरकुआं क्षेत्र की न्यू बर्ग कालोनी में बड़ी बहन के साथ किराये के मकान में रह रही थी। Facebook Share on […]

You May Like