भोपाल। मध्य प्रदेश में अगले सात दिनों तक मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने वाला है। प्रदेश के कई हिस्सों में घने बादल छाए रहने के साथ रुक-रुक कर बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार 2 सितंबर से बारिश की गतिविधियों में तेजी आ सकती है, जबकि 3 से 7 सितंबर के बीच कई इलाकों में लगातार वर्षा और कुछ स्थानों पर तेज बारिश होने की संभावना है।
पूर्वी मध्य प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश की आशंका भी जताई गई है। लगातार बारिश के चलते जलभराव, स्थानीय बाढ़ और सड़क यातायात प्रभावित होने की संभावना को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि गरज-चमक और तेज बारिश के दौरान सावधानी बरतें तथा आधिकारिक मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखें।
