दमोह:जगन्नाथ स्वामी रथ यात्रा महा महोत्सव 16 जुलाई गुरुवार शाम को भव्यता के साथ निकाला जाएगा। इसे लेकर हनुमानगढ़ी और पुराना थाना स्थित जगदीश स्वामी मंदिर में पुजारी द्वारा तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। शहर के हृदय स्थल घंटाघर श्री हनुमानगढ़ी के पंडित गोविंद दुबे ने बताया कि रथ को पहले से तैयार किया जाता है। इस बार रथ को पूरी तरह नया किया जा रहा है और 16 जुलाई तक रथ तैयार होकर मंदिर के बाहर तैनात रहेगा. उन्होंने
आयोजन क्रम के बारे में बताया कि 29 जून सोमवार प्रात: 9 बजे श्री देव स्नान पूर्णिमा (स्नान यात्रा), 15 जुलाई बुधवार प्रात: 9 बजे श्री गणेश पंचांग पूजन, श्री रामचरित अखंड पाठ प्रारंभ, पीठ स्थापना पूजन, स्थापित देवता पूजन, गोपाल सहस्त्रनाम, पुरुष सूक्त, विष्णु सहस्त्रनाम, श्री राम रक्षा स्त्रोत जप आदि, 16 जुलाई गुरुवार प्रात: 9 बजे श्री जगन्नाथ जी का अभिषेक अर्चन, पूजन, 16 जुलाई मध्यान्ह उपरांत 4 बजे श्री देव जी के छवि विग्रह विमान पर पधारेंगे, पश्चात शोभायात्रा प्रारंभ होकर यात्रा वापस मंदिर में समापन व श्री जगदीश स्वामी का महाप्रसाद भंडारा,24 जुलाई शुक्रवार प्रात: 9 बजे बाहुड़ा वापसी यात्रा व समापन की जाएगी.अंत में उन्होंने कहा कि जगन्नाथ के भात को जगत पसारे हाथ का संदेश दिया.
