
छिंदवाड़ा। जिले के 8 परीक्षा केंद्रों में 21 जून को आयोजित होने वाली नीट की परीक्षा में कुल 4303 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग लगातार तैयारियों में जुटा हुआ है। एनटीए के दिशा-निर्देशों के अनुसार सभी परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू की जा रही है। केंद्रों के बाहर पुलिस बल की तैनाती, प्रवेश द्वार पर सघन जांच, अभ्यर्थियों की स्क्रीनिंग और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन द्वारा परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या अव्यवस्था न हो, इसे लेकर लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक स्वयं परीक्षा तैयारियों का जायजा ले रहे हैं। इसी क्रम में आज दोनों अधिकारियों ने शहर के दो परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया और वहां की सुरक्षा व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, प्रवेश प्रक्रिया और अन्य व्यवस्थाओं की जांच की। अधिकारियों ने केंद्र प्रभारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान एनटीए की गाइडलाइन का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए। वहीं परीक्षा के दिन यातायात व्यवस्था को लेकर भी विशेष प्लान तैयार किया जा रहा है ताकि परीक्षार्थियों को केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक मैनेजमेंट, पार्किंग और सुरक्षा को लेकर पुलिस विभाग अलग से व्यवस्था बनाने में जुटा है। प्रशासन का कहना है कि परीक्षा पूरी तरह पारदर्शी और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराई जाएगी तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
परिक्षा के लिए बनाए गए यह केन्द्र ००००
नीट परीक्षा के लिए पीएमश्री शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल, शासकीय राजमाता सिंधिया स्नातकोत्तर कन्या महाविद्यालय, पीएमश्री ऑटोनॉमस पीजी कॉलेज, केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 1, शासकीय नवीन जवाहर नवोदय विद्यालय, शासकीय कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल कैलाश नगर, सांदीपनि विद्यालय सीएम राईज स्कूल गुरैया एवं शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय को परीक्षा केन्द्र बनाया गया है.
