लंदन, 25 जुलाई (स्पूतनिक) ब्रिटेन के नये प्रधानमंत्री एंडी बर्नहैम ने घोषणा की है कि समय से पहले आम चुनाव कराने का उनका कोई इरादा नहीं है।निवर्तमान प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर से श्री बर्नहैम को सत्ता का हस्तांतरण सोमवार को हुआ। देश की राजनीति और अर्थव्यवस्था में पिछले 40 वर्षों के ‘सबसे बड़े बदलाव’ लागू करने के श्री बर्नहैम के एलान के बीच, ‘रिफॉर्म यूके’ के नेता नाइजेल फराज ने नये सिरे से आम चुनाव कराने की मांग की है।
‘मैनचेस्टर इवनिंग न्यूज’ को दिये साक्षात्कार में श्री बर्नहैम से जब पूछा गया कि क्या उनका आम चुनाव कराने का विचार है, तो उन्होंने कहा, “हम संसदीय लोकतंत्र में रहते हैं। वर्ष 2024 में एक घोषणापत्र जारी किया गया था। मैं उसी घोषणापत्र पर कायम हूं। मैं अपना नजरिया सामने ला रहा हूं, लेकिन यह भी उसी घोषणापत्र के दायरे में है। मेरा मानना है कि बस इस वक्त हमारा ध्यान देश की व्यवस्थाओं को पटरी पर लाने पर होना चाहिए।”
उन्होंने कहा, “अभी यही हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। समय से पहले आम चुनाव कराने से यह जरूरी काम टल जायेगा।” देश में कई लोगों का मानना है कि श्री बर्नहैम को नये सिरे से चुनाव कराने चाहिए, क्योंकि जनता ने वर्ष 2024 में किसी अन्य नेता की अगुवाई वाली पार्टी के पक्ष में मतदान किया था। ‘डेली मेल’ के लिए कराये सर्वेक्षण के अनुसार, 51 प्रतिशत उत्तरदाताओं ने नये सिरे से चुनाव कराने का समर्थन किया है।

