चाकू की नोक पर लूट, बुजुर्ग महिला घायल

जबलपुर। तिलवारा थाना अंतर्गत रमनगरा वाटर प्लांट के पास मोटरसाइकिल सवार चार नकाबपोश बदमाशों ने स्कूटी सवार बालाघाट निवासी एक बुजुर्ग दंपत्ति और उनकी नातिन को घेरकर चाकू दिखाया और महिला के गले से सोने का मंगलसूत्र और नगदी से भरे दो बैग छीनकर फरार हो गए। वारदात के दौरान हुई छीनाझपटी में बुजुर्ग महिला के हाथ में चाकू लगने से घायल हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जिला बालाघाट के मोतीनगर कोतवाली की रहने वाली कौशन पारधी (64) अपने पति हेमराज पारधी, बेटी पुष्पा बिसेन और नातिन प्रियल व अंकिता के साथ जबलपुर आई थीं। वे गढ़ा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतरीं और वहां से शास्त्रीनगर निवासी अपने रिश्ते के देवर टेकचंद पंवार के घर जाने के लिए रवाना हुईं। पूरा परिवार दो अलग-अलग स्कूटियों पर सवार होकर शास्त्रीनगर की तरफ बढ़ रहा था। आगे वाली स्कूटी पर देवर टेकचंद, बेटी पुष्पा और अंकिता पारधी चल रहे थे। वहीं, उनके पीछे दूसरी स्कूटी पर बुजुर्ग हेमराज पारधी, उनकी पत्नी कौशन पारधी और नातिन प्रियल सवार थे। जैसे ही उनकी स्कूटी रमनगरा वाटर प्लांट के पास पहुंची, पीछे से आए दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार अज्ञात लड़कों ने उनकी स्कूटी के आगे अपनी गाड़ियां अड़ा दीं। गाड़ी रुकते ही दो बदमाश मोटरसाइकिल से नीचे उतरे। एक लड़के ने तुरंत धारदार चाकू निकाल लिया, जबकि दूसरे ने कौशन पारधी को डराकर उनके गले से सोने का कीमती मंगलसूत्र कीमत लगभग 70 से 80 हजार रुपये झपट लिया। इसके बाद बदमाशों ने स्कूटी के सामने रखे दो हैंडबैग भी उठा लिए, जिसमें 4,000 नगद और जरूरी दस्तावेज रखे थे। महिला ने जब इसका विरोध किया, तो लुटेरों ने चाकू से हमला कर दिया, जिससे उनके दाहिने हाथ की उंगली में चोट आई है। वारदात को अंजाम देने के बाद चारों आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से रफूचक्कर हो गए। पीड़ित परिवार ने तुरंत थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़ित महिला की रिपोर्ट पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।

Next Post

फूलों की जगह शिक्षा का उपहार: राष्ट्रपति ने खंडवा विधायक कंचन तनवे की अनूठी पहल को सराहा

Thu Jun 18 , 2026
खंडवा। देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के ओंकारेश्वर आगमन पर खंडवा विधायक कंचन मुकेश तनवे का एक अभिनव और समाजोपयोगी प्रयास चर्चा का विषय बन गया। परंपरागत फूल-माला और पुष्पगुच्छ की बजाय विधायक ने राष्ट्रपति को पेन, पेंसिल, कॉपी और रबर से तैयार एक विशेष शैक्षणिक गुलदस्ता भेंट कर शिक्षा […]

You May Like