भाटखेड़ी बायपास के कुएं में मिला युवक का शव, इलाके में फैली सनसनी दो दिन पुराना बताया जा रहा शव, बहन के घर रहकर करता था मजदूरी

नीमच/मनासा। मनासा थाना क्षेत्र के भाटखेड़ी बायपास पर रविवार देर शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब मुकेश के ढाबे के समीप स्थित एक कुएं में युवक का शव दिखाई दिया। कुएं में शव होने की जानकारी मिलते ही आसपास के क्षेत्र में लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर डायल-112 और मनासा थाना पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद शव को कुएं से बाहर निकलवाया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शव की स्थिति देखकर स्थानीय लोगों ने उसके करीब दो दिन पुराना होने की आशंका जताई। इसके बाद पुलिस ने मृतक की पहचान के प्रयास शुरू किए। जांच के दौरान मृतक की शिनाख्त अंतर सिंह (35) पिता रामसिंह कुशवाह निवासी बामनी, तहसील गरोठ, जिला मंदसौर के रूप में हुई।
बहन के घर रहकर करता था मजदूरी
जानकारी के अनुसार अंतर सिंह पिछले कुछ समय से मनासा में अपनी बहन के यहां रह रहा था और मजदूरी कर अपना जीवनयापन करता था। भाटखेड़ी बायपास के कुएं में उसका शव मिलने की खबर जैसे ही परिजनों तक पहुंची, परिवार में शोक छा गया। अचानक हुई इस घटना से परिजन सदमे में हैं और उनका रो-रोकर बुरा हाल है।
मर्ग कायम कर जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने घटनास्थल की आवश्यक कार्रवाई के बाद मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है। सोमवार को शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि अंतर सिंह कुएं तक किन परिस्थितियों में पहुंचा और उसकी मौत कैसे हुई।
मौत के कारणों को लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

.....

Next Post

फूल से लेकर धूल तक की खरीदी-बिक्री का अनूठा बाजार है नीमच की औषधि मंडी देशभर के किसानों की पहली पसंद बना नीमच, रोजाना 50 से 60 प्रकार की जड़ी-बूटियों का कारोबार; कोलकाता से राजस्थान और देवास तक के किसान ला रहे औषधीय उपज

Mon Nov 16 , 2026
नीमच। आमतौर पर खेतों में पैदा होने वाली फसलों में अनाज, दलहन और तिलहन का बाजार तो हर जगह देखने को मिल जाता है, लेकिन नीमच की मंडी की खासियत कुछ अलग ही है। यहां फूल से लेकर धूल तक का कारोबार होता है। लहसुन की सूखी कलियों से लेकर […]

You May Like