मुंबई,17 जून (वार्ता) निर्देशक अभिषेक नामा की बहुप्रतीक्षित पौराणिक फैंटेसी फिल्म नागबंधम का ट्रेलर 19 जून को हैदराबाद में लॉन्च किया जाएगा। फिल्म के निर्माताओं ने आधिकारिक घोषणा करते हुए बताया कि ट्रेलर लॉन्च इवेंट हैदराबाद के प्रसाद्स पीसीएक्स में आयोजित होगा। 3 जुलाई 2026 को पैन-इंडिया स्तर पर रिलीज होने जा रही इस फिल्म को लेकर दर्शकों में पहले से ही खासा उत्साह देखा जा रहा है।फिल्म में विराट कर्णा, नभा नटेश, जगपति बाबू और ऋषभ साहनी मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म की घोषणा के बाद से जारी किए गए पोस्टर्स, मोशन कंटेंट और अन्य प्रचार सामग्री ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया है। खासकर कलाकारों के कैरेक्टर पोस्टर्स ने फिल्म की विशाल पौराणिक दुनिया की झलक पेश कर उत्सुकता बढ़ाई है। हाल ही में रिलीज हुए फिल्म के टीज़र को भी दर्शकों का शानदार प्रतिसाद मिला। दमदार विजुअल्स, रहस्यमयी कहानी और प्रभावशाली बैकग्राउंड स्कोर से सजे टीज़र ने सोशल मीडिया पर खूब चर्चा बटोरी। अब ट्रेलर लॉन्च की घोषणा के बाद फिल्म को लेकर उत्साह और बढ़ गया है।
मेकर्स ने सोशल मीडिया पर साझा पोस्ट में कहा कि सबसे बड़े कैनवास पर बनी इस भव्य कृति का अनावरण 19 जून को किया जाएगा। इसके साथ ही दर्शकों को ट्रेलर के माध्यम से फिल्म की पौराणिक और रोमांचक दुनिया की एक नई झलक देखने को मिलेगी। फिल्म के संगीत को भी दर्शकों का भरपूर प्यार मिला है। फिल्म का गीत “नमो रे” यूट्यूब पर 1.1 करोड़ से अधिक व्यूज हासिल कर चुका है, जबकि शादी के माहौल पर आधारित गीत “सुरा सुरा” को 50 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है। भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और कम चर्चित पौराणिक कथाओं से प्रेरित नागबंधम फैंटेसी, पौराणिकता, रोमांच और भावनाओं का अनूठा मिश्रण प्रस्तुत करने का दावा करती है। फिल्म की कहानी, पटकथा और निर्देशन अभिषेक नामा ने किया है, जबकि इसका निर्माण किशोर अन्नापुरेड्डी और निशिता नागिरेड्डी ने किया है। भव्य पैमाने पर तैयार यह फिल्म तीन जुलाई 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

