हेमकुंड यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं की कार ट्रक से टकराई, बड़ा हादसा टला

टिहरी, 17 जून (वार्ता) उत्तराखंड के ऋषिकेश-बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार को एक भीषण सड़क हादसे में पंजाब से हेमकुंड साहिब की यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं की एक कार और ट्रक के बीच भिड़ंत हो गई। इस हादसे में हालांकि यात्रियों को मामूली चोटें आईं हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार में सवार श्रद्धालु पंजाब से हेमकुंड साहिब के दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान एनएचपीसी के पास तीव्र मोड़ पर सामने से आ रहे ट्रक से कार की सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। वहीं ट्रक का पिछला एक्सल भी टूटकर बाहर निकल गया।

दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

राहत की बात यह रही कि कार में सवार सभी श्रद्धालु सुरक्षित बच गए। हादसे में यात्रियों को मामूली चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया। अधिकारियों के अनुसार सभी घायलों की स्थिति सामान्य है और किसी को गंभीर चोट नहीं आई है।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात को सुचारु कराया। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तीव्र मोड़ और वाहन पर से नियंत्रण खोना माना जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है।

Next Post

कांगो में इबोला के पुष्ट मामलों की संख्या बढ़कर 837, मृतकाें की संख्या बढ़कर 196 हुई

Wed Jun 17 , 2026
किंशासा, 17 जून (वार्ता) मध्य अफ्रीकी देश कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य (डीआरसी) में इबोला के पुष्ट मामलों की संख्या 837 पहुंच गयी है, जबकि मृतकों की संख्या बढ़कर 196 हो गयी है। इस बीच स्वास्थ्य अधिकारियों और अंतर्राष्ट्रीय भागीदारों ने चेतावनी दी है कि सामुदायिक स्तर पर लगातार फैलने और भौगोलिक […]

You May Like