इंदौर: एरोड्रम थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर दोस्ती का खौफनाक अंत देखने को मिला. पंचवटी कॉलोनी में शराब पीने के दौरान हुए विवाद में 22 वर्षीय जितेन्द्र मीणा की उसके ही दोस्त धर्मेंद्र पंवार ने हत्या कर दी. आरोपी ने पानी की मोटर और बोतल से सिर पर हमला किया, जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर हत्या का केस दर्ज किया है.
पुलिस के अनुसार, जितेन्द्र मीणा अपने घर में दोस्त धर्मेंद्र पंवार के साथ बैठकर शराब पी रहा था. इसी दौरान दोनों के बीच किसी पुरानी बात को लेकर विवाद हो गया. कहासुनी बढ़ते-बढ़ते झगड़े में बदल गई और आरोपी का गुस्सा बेकाबू हो गया. गुस्से में आरोपी ने पहले शराब की बोतल जितेन्द्र के सिर पर दे मारी. इसके बाद उसने कमरे में रखी पानी की भारी मोटर उठाकर जमीन पर गिरे जितेन्द्र के सिर पर जोरदार वार किया. गंभीर चोट लगने से जितेन्द्र ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
निजी बैंक में कार्यरत जितेंद्र की पत्नी छोड़कर जा चुकी
पुलिस के अनुसार, मृतक जितेन्द्र एक निजी बैंक में कार्यरत था और पत्नी के छोड़कर जाने के बाद वह अकेला रह रहा था. आरोपी अक्सर उसके पास आता जाता था. दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई. सूचना मिलते ही एरोड्रम पुलिस मौके पर पहुंची, शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी धर्मेंद्र पंवार को हिरासत में ले लिया. मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज कर आरोपी से पूछताछ की जा रही है.
