ससुराल में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

ग्वालियर। हजीरा थाना क्षेत्र स्थित कांचमिल, बिड़ला नगर में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने तथा हत्या कर शव को फांसी पर लटकाने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले में पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक ग्वालियर को आवेदन सौंपकर निष्पक्ष जांच एवं आरोपियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार मुरैना जिले के अंबाह क्षेत्र अंतर्गत ग्राम वृंदावन की गढ़ी निवासी सियाराम कुशवाह ने शिकायत में बताया कि उनकी पुत्री शिवानी कुशवाह का विवाह लगभग एक वर्ष पूर्व ग्वालियर निवासी शिवम उर्फ छोटू कुशवाह के साथ सामाजिक रीति-रिवाजों के अनुसार हुआ था। उनका आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद से ही पति, सास, ससुर एवं ननद द्वारा अतिरिक्त तीन लाख रुपये नकद एवं एक मोटरसाइकिल की मांग की जाने लगी। मांग पूरी नहीं होने पर उनकी पुत्री को मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।

*पूर्व में भी हुआ था जानलेवा हमला*

शिकायतकर्ता के अनुसार 19 अप्रैल को भी उनकी पुत्री पर कथित रूप से जानलेवा हमला किया गया था, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गई थी। उपचार के बाद समझौते एवं भविष्य में ऐसी घटना नहीं दोहराने के आश्वासन के चलते उस समय मामला आगे नहीं बढ़ाया गया।

*मौत को लेकर उठे सवाल*

पीड़ित परिवार का आरोप है कि 1 जून को उन्हें सूचना दी गई कि उनकी पुत्री ने फांसी लगा ली है। जब परिजन मौके पर पहुंचे तो घटनास्थल की परिस्थितियों को देखकर उन्हें संदेह हुआ। शिकायत में उल्लेख किया गया है कि मृतका के शरीर पर चोट के निशान दिखाई दे रहे थे तथा कपड़ों पर खून के धब्बे भी थे। परिजनों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या न होकर हत्या का प्रतीत होता है।

*जबरन अंतिम संस्कार कराने का आरोप*

मायके पक्ष ने आरोप लगाया है कि घटना के बाद उन्हें पर्याप्त समय दिए बिना अंतिम संस्कार कर दिया गया, जिससे मामले के महत्वपूर्ण साक्ष्य प्रभावित हुए। परिवार का यह भी कहना है कि मामले को लेकर आवाज उठाने पर उन्हें धमकियां मिल रही हैं।

*एसपी से लगाई न्याय की गुहार*

पीड़ित पिता ने पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में पति, सास, ससुर एवं ननद के विरुद्ध हत्या, दहेज प्रताड़ना तथा अन्य संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर निष्पक्ष जांच और गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने का भी आग्रह किया है।

*जांच के बाद सामने आएगी सच्चाई*

मामले में पुलिस का पक्ष प्राप्त नहीं हो सका है। शिकायत के आधार पर पुलिस द्वारा जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।

Next Post

लेबनान संघर्ष में इज़रायल के रवैये से नाखुश: ट्रंप

Tue Jun 16 , 2026
एवियां (फ्रांस), 16 जून (वार्ता) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को लेबनान में हिजबुल्लाह के खिलाफ इजरायल की सैन्य कार्रवाई की गति पर असंतोष जताते हुए कहा कि यह अभियान कहीं अधिक तेजी से पूरा किया जाना चाहिए था। श्री ट्रंप ने यह टिप्पणी फ्रांस के एवियां शहर […]

You May Like